गर्मी का तोड़ है ये देसी जोड़ी, दिन में सिर्फ एक बार पी लिया तो आसपास भी नहीं भटकेगी लू और गर्मी


लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में इस समय भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. सुबह होते ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर शुरू हो जाता है, जबकि दोपहर में लू के थपेड़े लोगों को घरों में रहने को मजबूर कर देते हैं. तापमान लगातार बढ़ रहा है और ऐसे मौसम में सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों, बुजुर्गों और खेतों में काम करने वाले किसानों को हो रही है.

गर्मियों के मौसम में शरीर में पानी की कमी होने लगती है, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है. ऐसे में लोग गर्मी से राहत पाने के लिए बाजार में मिलने वाले कोल्ड ड्रिंक और आइसक्रीम का सहारा लेते हैं, लेकिन आयुर्वेदिक चिकित्सकों का कहना है कि ज्यादा मात्रा में ठंडे पेय पदार्थ पीना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है.

गर्मी के मौसम में सबसे ज्यादा मांग तरबूज की रहती है. तरबूज शरीर में पानी की कमी को दूर करने में मदद करता है. इसमें लगभग 90 प्रतिशत पानी पाया जाता है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है. तरबूज का शरबत न सिर्फ स्वादिष्ट होता है, बल्कि शरीर को तुरंत ठंडक भी पहुंचाता है. लू लगने की स्थिति में भी इसे काफी फायदेमंद माना जाता है. ग्रामीण इलाकों में लोग खेतों से लौटने के बाद तरबूज का रस पीना पसंद करते हैं. इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है. तैयार शरबत को कुछ देर फ्रिज में रखने से इसका स्वाद और भी बेहतर हो जाता है.

तरबूज का शरबत बनाने की विधि

सबसे पहले तरबूज को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें और उसके बीज अलग कर दें. इसके बाद मिक्सर में तरबूज के टुकड़े डालकर अच्छी तरह पीस लें. अब इसमें थोड़ा काला नमक, नींबू का रस और स्वादानुसार चीनी मिला दें. चाहें तो चीनी की जगह शहद का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. इसके बाद बर्फ डालकर ठंडा-ठंडा परोसें. ऊपर से पुदीने की पत्तियां डालने से इसका स्वाद और बढ़ जाता है.

तरबूज में विटामिन ए, विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. यह शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाने में मदद करता है. इसके अलावा तरबूज खाने से शरीर की गर्मी कम होती है और त्वचा भी स्वस्थ रहती है.

गर्मी में बढ़ जाती है सत्तू की मांग

जहां शहरों में लोग महंगे कोल्ड ड्रिंक पी रहे हैं, वहीं गांवों में आज भी Sattu का शरबत लोगों की पहली पसंद बना हुआ है. खासकर किसान और मजदूर वर्ग गर्मियों में सत्तू पीना बेहद पसंद करते हैं. सत्तू को देसी एनर्जी ड्रिंक भी कहा जाता है.

सत्तू मुख्य रूप से भूने हुए चने से तैयार किया जाता है. इसमें प्रोटीन, फाइबर, आयरन और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. यही वजह है कि यह शरीर को लंबे समय तक ऊर्जा देने का काम करता है.

एक गिलास ठंडे पानी में सत्तू डालकर अच्छी तरह घोल लें, ताकि उसमें गुठलियां न रहें. अब इसमें काला नमक, भुना जीरा और नींबू का रस मिला दें. कुछ लोग इसमें प्याज और हरी मिर्च भी डालते हैं, जिससे इसका स्वाद और बढ़ जाता है. इस तरह देसी सत्तू का शरबत तैयार हो जाता है. यह शरीर को अंदर से ठंडा रखने में मदद करता है. गर्मी में लगातार पसीना निकलने से शरीर में कमजोरी आने लगती है, लेकिन सत्तू शरीर को तुरंत ऊर्जा देने का काम करता है.

गर्मियों में शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी

लोकल 18 से बातचीत करते हुए आयुर्वेदिक चिकित्सालय की डॉक्टर रिचा श्रीवास्तव ने बताया कि गर्मियों में सबसे ज्यादा समस्या शरीर में पानी की कमी होने से होती है. ऐसे में शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है. उन्होंने सलाह दी कि तरबूज और खरबूजे का पर्याप्त मात्रा में सेवन करें. तरबूज में पानी की मात्रा अधिक होती है, जो शरीर में पानी की कमी को पूरा करने में मदद करता है. वहीं घर पर सत्तू का शरबत तैयार करके आसानी से पिया जा सकता है, जिससे शरीर स्वस्थ रहता है और कई मौसमी परेशानियों से बचाव हो सकता है.



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img