ईरान का पलटवार, जवाबी कार्रवाई की चेतावनी
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने ट्रंप के बयान का जवाब देते हुए कहा कि ईरान अपने देश के हर इंच की रक्षा करेगा और किसी भी हमले का जवाब दिया जाएगा। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति की धमकियों की आलोचना करते हुए कहा कि दबाव की राजनीति स्वीकार नहीं की जाएगी।
दोनों पक्षों के हमलों के दावे
अमेरिकी कार्रवाई से पहले ईरान के केशम द्वीप, बंदर अब्बास और अहवाज जैसे इलाकों में विस्फोटों की खबरें सामने आईं। वहीं, ईरानी मीडिया और अधिकारियों के अनुसार, ईरान ने बहरीन, कुवैत और जॉर्डन की दिशा में भी जवाबी हमले किए। इसके अलावा, ईरान का दावा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे संयुक्त अरब अमीरात के दो तेल टैंकरों को चेतावनी के बाद निशाना बनाया गया, क्योंकि उन्होंने निर्देशों की अनदेखी की थी।
पानी की फैक्ट्री भी हमले की चपेट में
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना के अनुसार, पश्चिमी ईलाम प्रांत के मुसियन जिले के पास स्थित एक बोतलबंद पानी की फैक्ट्री पर तीन प्रोजेक्टाइल गिरे। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, फैक्ट्री के उपकरणों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।




