Right ways to drink water in summer: गर्मी के मौसम में शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी होता है, लेकिन पानी पीने का गलत तरीका सेहत पर बुरा असर डाल सकता है. खासतौर पर तेज धूप से घर लौटने के तुरंत बाद बहुत ठंडा या बर्फ वाला पानी पीना कई स्वास्थ्य समस्याओं को जन्म दे सकता है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों और नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) ने इस आदत को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
नुकसानदायक हो सकता है धूप से आकर तुरंत पानी पीना?
विशेषज्ञों के अनुसार, जब शरीर तेज धूप और गर्मी के कारण बहुत ज्यादा गर्म हो जाता है, तब अचानक ठंडा पानी पीने से शरीर का तापमान तेजी से बदल जाता है. इसका असर पाचन तंत्र, गले और शरीर के अन्य अंगों पर पड़ सकता है. कई बार इससे पेट दर्द, गले में खराश या कमजोरी जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं.
गर्मियों में सही तरीके से पानी पीना क्यों जरूरी?
गर्मी के मौसम में पसीने के जरिए शरीर से लगातार पानी निकलता रहता है. ऐसे में सही समय और सही तरीके से पानी पीना डिहाइड्रेशन, लू और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं से बचाने में मदद करता है.
धूप से आने के बाद पानी पीने का सही तरीका
बाहर से आते ही तुरंत पानी न पिएं. कम से कम 10 से 15 मिनट आराम करें. शरीर का तापमान सामान्य होने दें.
बर्फ वाला पानी पीने से बचें. काफी लोग फ्रिज से चिल्ड वॉटर बॉटल निकाल कर एक सांस में ही पूरा पानी गटक जाते हैं. बहुत ज्यादा ठंडा पानी गले और पेट पर बुरा असर डाल सकता है. सर्द-गर्म के कारण गले में खराश, खांसी हो सकती है.
धीरे-धीरे पानी पिएं न कि बहुत तेजी से. एक साथ पूरा गिलास पीने की बजाय छोटे-छोटे घूंट लेकर पानी पीना बेहतर माना जाता है.
सामान्य तापमान का पानी चुनें. पहले आप थोड़ा सा नॉर्मल पानी पिएं. घड़े का पानी पीना शरीर के लिए ज्यादा फायदेमंद होता है.
घर में आएं तो पहले शरीर को सामान्य होने दें. पसीना सूखने और सांस सामान्य होने के बाद ही पानी पीना चाहिए.
गर्मियों में अपनाएं ये जरूरी सावधानियां
बाहर जाते समय हमेशा पानी की बोतल साथ रखें.
नारियल पानी और ताजे फलों का रस पिएं.
शरीर को हाइड्रेट रखें.
बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें, क्योंकि उनमें डिहाइड्रेशन का खतरा ज्यादा होता है.
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, पानी पीना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उसे सही तरीके से पीना भी है. छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर गर्मियों में शरीर को स्वस्थ और सुरक्षित रखा जा सकता है.





