सोने और चांदी में लौटी तेजी; कीमतें 5,100 रुपए तक बढ़ीं
सोने और चांदी में सोमवार को तेजी देखने को मिली है, जिससे दोनों कीमती धातुओं का दाम करीब 5,100 रुपए तक बढ़ गया है।
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 24 कैरेट सोने का दाम 740 रुपए बढ़कर 1,58,857 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है, जो कि पहले 1,58,117 रुपए प्रति 10 ग्राम था।
22 कैरेट सोने की कीमत 1,44,835 रुपए प्रति 10 ग्राम से बढ़कर 1,45,513 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है। 18 कैरेट सोने की कीमत बढ़कर 1,19,143 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है, जो कि पहले 1,18,588 रुपए प्रति 10 ग्राम थी।
सोने की अपेक्षा चांदी की कीमतों में अधिक तेजी देखी गई है। इसका दाम 5,100 रुपए बढ़कर 2,71,100 रुपए प्रति किलो हो गया है, जो कि पहले 2,66,000 रुपए प्रति किलो था। आईबीजेए की ओर से दिन में दो बार- सुबह और शाम कीमतों को अपडेट किया जाता है।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली है। सोना 0.88 प्रतिशत बढ़कर 4,596 डॉलर प्रति औंस और चांदी 2.06 प्रतिशत की तेजी के साथ 77.76 डॉलर प्रति औंस थी।
एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट रिसर्च एनालिस्ट जतीन त्रिवेदी ने कहा कि सोने में सकारात्मक कारोबार हुआ है। इसकी वजह डॉलर के मुकाबले रुपए में तेजी आना है।
उन्होंने आगे कहा कि सोने में तेजी आने की वजह अमेरिका-ईरान के बीच समझौता होने की उम्मीद है। इससे बुलियन बाजार में सेंटीमेंट को सपोर्ट मिला है। तकनीकी तौर पर सोने के लिए सपोर्ट 1,58,500 रुपए और रुकावट का स्तर 1,60,500 रुपए था।





