रिलायंस इंडस्ट्रीज और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से घरेलू शेयर बाजार बुधवार को अपनी बढ़त को बरकरार नहीं रख पाये और दोनों मानक सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 183 अंक टूटा जबकि एनएसई निफ्टी 127 अंक के नुकसान में रहा।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 183.15 अंक यानी 0.24 प्रतिशत टूटकर 77,472.94 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 77,986.84 अंक तक गया और नीचे में 77,472.94 अंक तक आया। यानी कारोबार के दौरान इसमें 513.9 अंक का उतार-चढ़ाव रहा।
इसी प्रकार, 50 शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 126.80 अंक यानी 0.52 प्रतिशत टूटकर 24,207.75 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में इन्फोसिस, भारती एयरटेल, लार्सन एंड टुब्रो, पावर ग्रिड, टेक महिंद्रा, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में प्रमुख रूप से गिरावट रही।
दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एक्सिस बैंक और टाटा स्टील शामिल हैं।
ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा, ‘‘भारतीय शेयर बाजार बुधवार को मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। शुरुआती बढ़त के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली की। सूचना प्रौद्योगिकी, एफएमसीजी (दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों), वाहन और टिकाऊ उपभोक्ता सामान कंपनियों के शेयरों में गिरावट ने कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख से मिले समर्थन को बेअसर कर दिया।’’ वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.96 प्रतिशत टूटकर 85.96 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
एचएसटी वेल्थ के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हरिसेल्वन राधाकृष्णन ने कहा, ‘‘भारतीय शेयर बाजारों में मिला-जुला रुख रहा। निफ्टी ने शुरुआती बढ़त गंवा दी और गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि निजी और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में अच्छी लिवाली से बैंक निफ्टी ने बेहतर प्रदर्शन किया।”
छोटी कंपनियों का बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.58 प्रतिशत चढ़ा जबकि मझोली कंपनियों से जुड़ा मिडकैप सेलेक्ट 0.22 प्रतिशत के लाभ में रहा।




