यूक्रेनी राष्ट्रपति ने पोस्ट में कहा, ”शहर डनिप्रो में एक चार मंजिला अपार्टमेंट इमारत के मलबे पर खोज और बचाव अभियान अभी भी जारी है। इमारत का एक हिस्सा लगभग पूरी तरह तबाह हो गया है। इस हमले में एक बच्चे सहित नौ लोगों की जान चली गई। शहर में 35 लोग घायल हुए हैं। वहीं, छह लोगों का अब भी कोई पता नहीं चल पाया है। उनकी तलाश जरूरत पड़ने तक जारी रहेगी।”
जेलेंस्की ने बताया कि रूस ने खार्किव क्षेत्र में ऊर्जा सुविधाओं और खार्किव शहर की महत्वपूर्ण बुनियादी सेवाओं को भी निशाना बनाया। इसके अलावा कीव, मिकोलाइव, जापोरिजिया, पोल्टावा, सूमी, चेर्निहिव और खमेलनित्सकी क्षेत्रों पर भी हमले किए गए।
कुल मिलाकर, रातभर में रूस ने यूक्रेन के लोगों पर 656 अटैक ड्रोन और 73 अलग-अलग प्रकार की मिसाइलें दागीं। इनमें बैलिस्टिक, क्रूज और एंटी-शिप मिसाइलें शामिल थीं।




