राजनांदगांव। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” में राजनांदगांव पुलिस ने छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान हासिल करते हुए एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। अप्रैल 2026 में जिले की पुलिस ने कुल 280 गुमशुदा महिला, पुरुष और बच्चों को सकुशल दस्तयाब किया।
इस अभियान के तहत 166 महिलाओं और 88 पुरुषों सहित कुल 254 गुमशुदा व्यक्तियों को बरामद किया गया। वहीं, “ऑपरेशन मुस्कान” के अंतर्गत 23 बालिकाओं और 3 बालकों सहित कुल 26 बच्चों को सुरक्षित खोजकर परिजनों से मिलाया गया।
राजनांदगांव पुलिस ने न केवल छत्तीसगढ़ के भीतर, बल्कि राज्य के बाहर भी व्यापक स्तर पर तलाश अभियान चलाया। उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक, झारखंड, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, केरल, तमिलनाडु, बिहार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित कई राज्यों से 72 से अधिक गुमशुदाओं को दस्तयाब किया गया।
सभी गुमशुदाओं को विधिसम्मत प्रक्रिया के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया, जिससे परिवारों में खुशी का माहौल बन गया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के नेतृत्व में, नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा अन्य पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह सफलता हासिल हुई।
राजनांदगांव पुलिस की यह उपलब्धि टीमवर्क, त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील पुलिसिंग का उदाहरण मानी जा रही है। अप्रैल माह में कुल 280 गुमशुदाओं को सुरक्षित घर पहुंचाकर जिले ने राज्य स्तर पर अव्वल प्रदर्शन किया है।





