Last Updated:
Stretch Marks Removal: हमारी स्किन पर खिंचाव के कारण धारियां बन जाती हैं, जिन्हें स्ट्रेच मार्क्स कहा जाता है. प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं के पेट पर स्ट्रेच मार्क्स बन जाते हैं. कानपुर के डर्मेटोलॉजिस्ट डॉक्टर युगल राजपूत के अनुसार स्ट्रेस मार्क्स को पूरी तरह हटाना बेहद मुश्किल है. कुछ क्रीम्स से इन्हें हल्का किया जा सकता है. लेजर थेरेपी और अन्य मेडिकल ट्रीटमेंट से इनका लुक बेहतर हो सकता है. लोगों को इन्हें पूरी तरह हटाने का दावा करने वाले प्रोडक्ट्स पर भरोसा नहीं करना चाहिए.
डॉक्टर के अनुसार स्ट्रेच मार्क्स को पूरी तरह नहीं हटाया जा सकता है.
Truth About Stretch Marks: अधिकतर लोगों के शरीर पर स्ट्रेच मार्क्स देखने को मिलते हैं. जब किसी व्यक्ति की स्किन में खिंचाव होता है, तब अक्सर स्ट्रेच मार्क्स बन जाते हैं. महिलाएं जब प्रेग्नेंट होती हैं, तब उनके पेट के आसपास काफी स्ट्रेच मार्क्स आ जाते हैं. स्ट्रेच मार्क्स को हटाना काफी मुश्किल होता है, लेकिन कई प्रोडक्ट इसे पूरी तरह हटाने का दावा करते हैं. ऐसे में लोग कई महंगे प्रोडक्ट्स यूज करते रहते हैं, लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकलता है. अब सवाल है कि क्या वाकई स्ट्रेच मार्क्स को हमेशा के लिए हटाया जा सकता है? इस बारे में स्किन स्पेशलिस्ट से हकीकत जान लेते हैं.
यूपी के कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. युगल राजपूत ने News18 को बताया कि स्ट्रेस मार्क्स अक्सर वजन बढ़ने-घटने, प्रेग्नेंसी या तेजी से शरीर के आकार में बदलाव के कारण बनते हैं. ये आमतौर पर पेट, जांघों, कंधों और बाजुओं पर नजर आते हैं. स्ट्रेच मार्क्स तब बनते हैं, जब त्वचा की अंदरूनी परत डर्मिस तेजी से खिंचती है और वहां मौजूद कोलेजन और इलास्टिन फाइबर टूटने लगते हैं. शुरुआत में ये लाल या बैंगनी रंग के होते हैं, लेकिन समय के साथ हल्के रंग के हो जाते हैं. स्ट्रेच मार्क्स एक बार बन जाएं, तो इन्हें पूरी तरह खत्म करना मुश्किल होता है.
डॉक्टर युगल ने बताया कि कुछ क्रीम्स और लोशन स्ट्रेच मार्क्स को हल्का जरूर कर सकते हैं. लंबे समय तक इन प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करने से अच्छा रिजल्ट मिल सकता है. इसके अलावा लेजर थेरेपी, माइक्रोनीडलिंग और केमिकल पील्स से इनके लुक में काफी हद तक सुधार किया जा सकता है. ये ट्रीटमेंट त्वचा में नए कोलेजन के निर्माण को बढ़ाते हैं, जिससे स्ट्रेच मार्क्स कम दिखाई देने लगते हैं. हालांकि ये ट्रीटमेंट व्यक्ति की स्किन, उम्र और स्ट्रेच मार्क्स की कंडीशन के अनुसार सजेस्ट किए जाते हैं. ये ट्रीटमेंट महंगे भी हो सकते हैं और कई सिटिंग्स की जरूरत पड़ती है.
एक्सपर्ट के मुताबिक सभी लोगों को यह समझने की जरूरत है कि स्ट्रेच मार्क्स कोई बीमारी नहीं हैं, बल्कि शरीर में होने वाले प्राकृतिक बदलाव का हिस्सा हैं. इसलिए इन्हें लेकर ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है. अगर आप इन्हें कम करना चाहते हैं, तो शुरुआत से ही त्वचा को मॉइश्चराइज रखें, अच्छी डाइट लें और वजन को अचानक बढ़ने या घटने से बचाएं. सभी लोगों को सोशल मीडिया पर बड़े-बड़े दावों के साथ बेचे जा रहे प्रोडक्ट्स से बचना चाहिए और इस बारे में डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए.
About the Author

अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें





