भारत में प्रीपेड मोबाइल यूजर्स के लिए रिचार्ज को लेकर नया बदलाव हुआ है. TRAI ने Telecom Consumers Protection (13th Amendment) Regulations, 2026 जारी किए हैं, जिसके तहत टेलीकॉम कंपनियों को 30 दिन या उससे कम वैलिडिटी वाले Voice और SMS-only रिचार्ज ऑप्शन उपलब्ध कराने होंगे. इसके अलावा ऐसा प्लान भी उपलब्ध कराया जाना है, जिसे हर महीने उसी तारीख को रिन्यू किया जा सके.
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने रविवार को इन बदलावों का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि इससे खासतौर पर उन ग्राहकों को ज्यादा विकल्प मिलेंगे, जिन्हें मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं है या जो कम बजट में सिर्फ कॉल और SMS की सुविधा चाहते हैं.
28 दिन की जगह 30 दिन का प्लान
कई टेलीकॉम कंपनियों के मासिक प्लान 28 दिन की वैलिडिटी के साथ आते हैं. इसका मतलब है कि पूरे एक साल तक लगातार सर्विस चलाने के लिए यूजर को 12 की जगह 13 बार रिचार्ज करना पड़ सकता है.
चड्ढा ने 11 मार्च 2026 को संसद में इसी मुद्दे को उठाते हुए 30 दिन की वैलिडिटी वाले रिचार्ज प्लान की मांग की थी. अब नए TRAI नियमों में 30 दिन की वैलिडिटी वाले विकल्प को शामिल किया गया है.
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि हर मौजूदा 28-दिन वाला प्लान तुरंत 30 दिन का हो जाएगा. नए नियमों के तहत कंपनियों को तय कैटेगरी के मुताबिक 30 दिन या उससे कम वैलिडिटी वाले Voice-SMS-only ऑप्शन उपलब्ध कराने होंगे.
डेटा नहीं चाहिए तो Voice-SMS Only प्लान
नए नियमों का दूसरा बड़ा बदलाव उन ग्राहकों के लिए है जिन्हें मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं होती. टेलीकॉम कंपनियों को Voice और SMS-only Special Tariff Vouchers (STVs) की उपलब्धता बढ़ानी होगी.
इन प्लान में इंटरनेट डेटा शामिल नहीं होगा और ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से सिर्फ कॉल और SMS वाली सर्विस ले सकेंगे. TRAI के मुताबिक, ऐसे विकल्प खासतौर पर उन ग्राहकों के लिए उपयोगी हो सकते हैं जिन्हें डेटा की जरूरत कम है और कम अवधि या कम खर्च वाले प्लान चाहिए.
इसके अलावा नए फ्रेमवर्क में छोटी अवधि वाले बंडल्ड प्लान के अनुरूप Voice-SMS-only ऑप्शन और लंबी वैलिडिटी वाला कम से कम एक Voice-SMS-only STV उपलब्ध कराने का भी प्रावधान है.
कब से मिलेंगे नए प्लान?
TRAI ने इन नियमों को 22 सितंबर 2026 को अधिसूचित किया है. अब टेलीकॉम कंपनियों को नए नियमों के मुताबिक अपने रिचार्ज ऑप्शन तैयार करने होंगे. नए नियमों के बाद यूजर्स को अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से रिचार्ज चुनने के ज्यादा ऑप्शन मिलने की उम्मीद है.




