नोबेल शांति पुरस्कार 2026 के लिए 287 उम्मीदवार, 9 अक्टूबर को होगा ऐलान
इस साल नोबेल पीस प्राइज के लिए कुल 287 उम्मीदवारों के नामांकन प्राप्त हुए हैं, जो इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के प्रति वैश्विक रुचि को दर्शाता है। गुरुवार को नॉर्वेजियन नोबेल कमिटी ने इसकी घोषणा की। कमिटी ने बताया कि इस सूची में 208 व्यक्ति और 79 संगठन शामिल हैं, हालांकि इनके नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
समिति ने एक बयान जारी किया। उन्होंने कहा, “बढ़ते संघर्षों के दौर में ऐसे उम्मीदवारों की कमी नहीं है, जिनकी प्रतिबद्धता और नए विचार बेहतर भविष्य की ओर इशारा करते हैं।”
नामांकित व्यक्तियों और संगठनों के नाम गोपनीय रखे जाते हैं। हालांकि, जिन लोगों को नामांकन करने का अधिकार होता है—जैसे पूर्व विजेता, सांसद या विभिन्न देशों के मंत्री—वे चाहें तो अपने द्वारा सुझाए गए नाम सार्वजनिक कर सकते हैं।
नॉर्वेजियन नोबेल कमिटी के अनुसार, हर साल 31 जनवरी तक नामांकन जमा किए जाते हैं। इसके बाद समिति अपनी पहली बैठक में कुछ और नाम भी जोड़ सकती है। 2026 में समिति की पहली बैठक 26 फरवरी को आयोजित हुई थी।
यह पुरस्कार अल्फ्रेड नोबेल की वसीयत के तहत उस व्यक्ति या संगठन को दिया जाता है, जिसने शांति, संवाद, संघर्ष समाधान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के क्षेत्र में मानवता के लिए सबसे बड़ा योगदान दिया हो।





