Last Updated:
इंडिगो ने 31 अगस्त 2026 से मैनचेस्टर के लिए अपनी उड़ान सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करने का ऐलान किया है. एयरलाइन ने इसके पीछे बढ़ते ऑपरेशन कॉस्ट, मिडिल ईस्ट में बढ़ता तनाव, एयरस्पेस रिस्ट्रिक्शन और एटीएफ की ऊंची कीमतों को वजह बताया है.
फ्लाइट ऑपरेशन को लेकर इंडिगो ने बड़ा फैसला लिया है.
Indigo Flight Operation: इंडिगो ने ब्रिटेन के मैनचेस्टर के लिए अपनी उड़ान सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला किया है. एयरलाइन ने 31 अगस्त 2026 से मैनचेस्टर आने-जाने वाली सभी उड़ानें अस्थाई तौर पर बंद करने की बात कही है. इंडिगो के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्गों पर जारी प्रतिबंधों, उड़ान समय में बढ़ोतरी और लगातार बढ़ती परिचालन लागत के कारण यह फैसला लिया गया है. एयरलाइन का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में इस रूट का संचालन आर्थिक रूप से चुनौतीपूर्ण हो गया है.
मैनचेस्टर रूट पर उड़ानों के लिए इंडिगो ने 2025 में नॉर्स अटलांटिक एयरवेज से छह बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर विमान लीज पर लिए थे. इन विमानों के जरिए एयरलाइन यूरोपीय बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहती थी. हालांकि अब एयरलाइन इनमें से एक विमान को नॉर्स अटलांटिक एयरवेज को वापस करेगी. इंडिगो के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (नेटवर्क प्लानिंग एंड रेवेन्यू मैनेजमेंट) अभिजीत दासगुप्ता ने कहा कि मैनचेस्टर रूट पर यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था और मांग भी उत्साहजनक रही. लेकिन एयरस्पेस प्रतिबंधों की वजह से उड़ानों का समय काफी बढ़ गया, जिससे परिचालन लागत में भारी इजाफा हुआ है.
उन्होंने कहा कि मध्य पूर्व में जारी भू-राजनीतिक तनाव, एविएशन टर्बाइन फ्यूल की बढ़ती कीमतें, विदेशी मुद्रा विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव और एयरस्पेस संबंधी चुनौतियों ने इस रूट को प्रभावित किया है. इसी वजह से फिलहाल सेवाएं रोकने का निर्णय लिया गया है. एयरलाइन ने साफ किया है कि मैनचेस्टर सेवा बंद करना स्थायी फैसला नहीं है. इंडिगो भविष्य में अनुकूल परिस्थितियां बनने पर इस रूट पर दोबारा उड़ानें शुरू करने की योजना रखती है. साथ ही एयरलाइन नॉर्स अटलांटिक एयरवेज के साथ सहयोग जारी रखने के लिए नए विकल्पों पर भी विचार कर रही है.
इंडिगो ने प्रभावित यात्रियों को पहले से सूचना देने और उन्हें वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था या रिफंड देने की बात कही है. एयरलाइन की अन्य सभी लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानें पहले की तरह ऑपरेट होती रहेंगी.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international security affairs…और पढ़ें




