दिनांक 28 मई 2026, राजनांदगांव: मोहारा पुलिस और सायबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में मोटर पंप चोरी के एक मामले में तीन आरोपियों सहित एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने चोरी गया टेक्समो कंपनी का मोटर पंप और घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल क्रमांक CG 08 BD 0139 भी जब्त कर लिया। जुमला नुकसान लगभग 80 हजार रुपए आंका गया है।
घटना की रिपोर्ट ग्रामीण बोलेश्वर वर्मा, निवासी ग्राम गाडाभंवर ने चौकी मोहारा में दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके खेत में सिंचाई के लिये रखा मोटर पंप अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया था। रिपोर्ट पर चौकी मोहारा में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर अनुसंधान शुरू किया गया।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केसरी नंदन नायक के मार्गदर्शन में विवेचना के दौरान मुखबिरों की सूचना और तकनीकी जांच से संदेहियों की पहचान हुई। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में विष्णु यादव (19) पुत्र देवा यादव निवासी बापुटोला चौकी चिखली, युगेश्वर पटेल (26) पुत्र यशवंत पटेल और आसू पटेल (18) पुत्र संतोष पटेल, दोनों निवासी ग्राम गाडाभंवर शामिल हैं। आरोपियों को 28 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।





