घुमका थाना क्षेत्र में एक सूने घर में हुई चोरी की घटना को थाना घुमका पुलिस ने बहुत ही त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। शिकायत के कुछ ही समय बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान लगभग 100% बरामद कर लिया है।
दिनांक 12 अप्रैल, 2026 को जब पीड़ित महिला राजनांदगांव से अपने रिश्तेदार के यहां रुककर 15 अप्रैल को दोपहर करीब 1:30 बजे घर वापस लौटीं, तो देखा कि घर के ताला टूटा हुआ है। घर से इंडियन कंपनी का गैस सिलेंडर, की-पैड मोबाईल, एक बोरी चावल और नगदी 22,000 रुपये चोरी हो चुके थे। पीड़िता ने इसकी शिकायत लिखित में दी, जिस पर थाना घुमका में अपराध क्रमांक 42/2026 धारा 305(a), 331(4) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के निर्देशन में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी डोंगरगांव श्रीमति मंजूलता बाज की मार्गदर्शन में घुमका पुलिस ने घटनास्थल का वीडियो और फोरेंसिक आधार पर निरीक्षण किया और जल्द ही संदेही सुरेश मारकंडे निवासी छोटे बिरेझर तक पहुंच गई। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया और अपने साथी दिलेश्वर चतुर्वेदी निवासी गाडाडीह, थाना बोरी, जिला दुर्ग का भी जिक्र किया, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद उसने भी चोरी में हाथ बंटाना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया गैस सिलेंडर, चावल से भरी बोरी, नगदी 22,000 रुपये और की-पैड मोबाईल बरामद कर लिया, जिसकी कुल कीमत लगभग 30,000 रुपये आंकी गई है। घटना में प्रयुक्त हीरो होंडा मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
दोनों आरोपियों सुरेश मारकंडे (42 वर्ष) और दिलेश्वर चतुर्वेदी (33 वर्ष) को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय, राजनांदगांव के समक्ष रिमांड हेतु पेश कर दिया गया है।
इस कार्यवाही में थाना घुमका के थाना प्रभारी निरीक्षक विजय मिश्रा, सउनि कोदूराम नागवंशी, प्र०आर0 विजय राज सिंह, आरक्षक हिरेन्द्र देशमुख, चन्द्रप्रकाश साहू, केयूर भूषण यादव और आनंद कुमार की भूमिका पुलिस विभाग ने विशेष रूप से सराहनीय बताई है।





