इसके साथ ही यहां कई स्कूल जल्दी बंद किए जा रहे हैं या पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। समरसेट में लगभग 100 स्कूल बुधवार और गुरुवार को पूरी तरह बंद रहेंगे। वहीं, बकिंघमशायर में करीब 100 स्कूल आंशिक रूप से बंद रहेंगे, जबकि ग्लॉस्टरशायर में 86 स्कूल प्रभावित होंगे।
रिकॉर्ड तोड़ हीट वेव के बीच पश्चिमी फ्रांस में बुधवार को लगभग 68,000 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अधिकारियों के अनुसार, यह मौजूदा भीषण गर्मी के दौर में देश की पहली बड़ी बिजली कटौती है। मंगलवार को फ्रांस में अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जब देश का औसत तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, सप्ताहांत तक 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच सकता है, जबकि रात में भी तापमान 23 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की आशंका है।




