दिल्ली: दिल्ली का नाम सुनते ही दिमाग में भीड़, ट्रैफिक, भागदौड़ और लगातार दौड़ती जिंदगी की तस्वीर सामने आ जाती है, लेकिन इसी शहर में कुछ ऐसी जगहें भी हैं, जहां पहुंचते ही माहौल बिल्कुल बदल जाता है. यहां न ऊंची इमारतों का शोर परेशान करता है और न ही सड़कों की भागदौड़. कहीं घने पेड़ों के बीच घूमने का मौका मिलता है, तो कहीं इतिहास और हरियाली साथ-साथ नजर आती है. अगर आप भी वीकेंड पर कुछ अलग करना चाहते हैं, तो दिल्ली के ये 5 ग्रीन स्पेस जगह आपके लिए खास हो सकती है. आइये जानते हैं इसके बारे में
दिल्ली का संजय वन
साउथ दिल्ली का संजय वन उन लोगों के लिए अच्छी जगह है, जिन्हें प्रकृति के बीच समय बिताना पसंद है. यहां घने पेड़, कच्चे रास्ते और शांत माहौल आपको शहर की भीड़ से अलग अनुभव देते हैं. सुबह या शाम के समय यहां टहलना काफी अच्छा लगता है. यह जगह पक्षियों को देखने और नेचर फोटोग्राफी पसंद करने वालों के लिए भी खास है. संजय वन में पहुंचकर कुछ देर के लिए ऐसा लगता है कि जैसे आप दिल्ली से बाहर किसी छोटे से जंगल में आ गए हों.
जहानपनाह सिटी फॉरेस्ट
साउथ दिल्ली में स्थित जहानपनाह सिटी फॉरेस्ट उन लोगों के लिए बढ़िया विकल्प है, जो खुले माहौल में लंबी वॉक करना चाहते हैं. यहां पेड़ों से घिरे रास्ते और बड़ा ग्रीन एरिया शहर के शोर से राहत देते हैं. सुबह की सैर, एक्सरसाइज या बस कुछ समय शांति से बैठने के लिए यह जगह पसंद की जाती है. अगर आपको भीड़भाड़ वाली जगहों के बजाय नेचर के करीब समय बिताना अच्छा लगता है, तो यह पार्क आपकी लिस्ट में हो सकता है.
अरावली बायोडायवर्सिटी पार्क
अरावली बायोडायवर्सिटी पार्क सिर्फ घूमने की जगह नहीं, बल्कि दिल्ली की प्राकृतिक विरासत को समझने का मौका भी देती है. यहां अरावली क्षेत्र में पाए जाने वाले देशी पेड़-पौधों और अलग-अलग तरह की वनस्पतियों को संरक्षित किया गया है. जगह-जगह फैली हरियाली और प्राकृतिक माहौल इसे आम पार्कों से अलग बनाता है. यहां घूमते हुए आपको समझ आता है कि दिल्ली के बीच भी प्रकृति का कितना खूबसूरत हिस्सा मौजूद है.
दिल्ली का आस्था कुंज
नेहरू प्लेस और लोटस टेंपल के आसपास स्थित आस्था कुंज एक बड़ा ग्रीन स्पेस है, जहां लोग खुली हवा में समय बिताने आते हैं. यहां फैली हरियाली और खुला माहौल इसे रोजमर्रा की भागदौड़ से थोड़ी राहत लेने के लिए अच्छा बनाता है. अगर आप दोस्तों या परिवार के साथ बिना ज्यादा खर्च किए कुछ समय बाहर बिताना चाहते हैं, तो आस्था कुंज एक अच्छा विकल्प हो सकता है. यहां का शांत वातावरण इसे दिल्ली की दूसरी व्यस्त जगहों से अलग बनाता है.
दिल्ली की सुंदर नर्सरी
निजामुद्दीन के पास स्थित सुंदर नर्सरी दिल्ली की सबसे खूबसूरत ग्रीन जगहों में गिनी जाती है. यहां आपको सिर्फ पेड़-पौधे ही नहीं, बल्कि ऐतिहासिक स्मारक, खूबसूरत रास्ते और कई तरह के पौधों की दुनिया भी देखने को मिलती है. यह जगह उन लोगों के लिए खास है, जिन्हें प्रकृति के साथ इतिहास में भी दिलचस्पी है. यहां घूमना, तस्वीरें लेना और कुछ समय आराम से बिताना वीकेंड को खास बना सकता है.




