Last Updated:
Headache Pills and Stomach Ache: कई लोग सिरदर्द की दवा हमेशा अपने पास रखते हैं. आमतौर पर सिरदर्द से राहत पाने के लिए पैरासिटामोल या आईबूप्रोफेन टेबलेट लेते हैं. कई बार पेट में दर्द होने पर भी लोग यह दवा खा लेते हैं. लोगों को लगता है कि दर्द की दवा पेट दर्द से भी राहत दिला सकता है. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहिए. कुछ पेनकिलर्स पेट की जलन, गैस और अल्सर जैसी समस्याएं बढ़ा सकती हैं. इसलिए पेट दर्द की सही दवा लेना जरूरी है.
सिरदर्द की दवा पेट दर्द में काम नहीं करती है, क्योंकि पेट दर्द की वजह अलग होती है.
Headache Medicine for Stomach Pain: अधिकतर लोग सिरदर्द होने पर पैरासिटामोल या आईबूप्रोफेन दवा लेते हैं, जिसे सामान्य पेनकिलर माना जाता है. इससे सिरदर्द ही नहीं, बल्कि बुखार और बदन दर्द से भी राहत मिलती है. कई लोग पेट दर्द होने पर भी सिरदर्द की दवा ले लेते हैं. अक्सर लोग यह सोचते हैं कि दर्द तो दर्द है, दवा असर कर ही देगी. हालांकि डॉक्टर्स का साफ कहना है कि पेट दर्द होने पर सिरदर्द की दवा नहीं लेनी चाहिए. दर्द की कुछ दवाएं पेट दर्द से राहत दिलाएं या न दिलाएं, लेकिन आपकी समस्या जरूर बढ़ा सकती हैं. ऐसे में डॉक्टर की सलाह पर पेट दर्द की दवा ही लेनी चाहिए, ताकि परेशानी खत्म हो जाए.
दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल के सीनियर फिजीशियन डॉ. राकेश गुप्ता ने News18 को बताया सिरदर्द की कई सामान्य दवाएं जैसे पैरासिटामोल या कुछ एंटी-इंफ्लेमेटरी पेनकिलर्स शरीर में दर्द और सूजन कम करने का काम करती हैं. अगर पेट दर्द हल्की मांसपेशियों की ऐंठन, बुखार या बॉडी पेन से जुड़ा हो, तो कुछ दवाएं थोड़ी राहत दे सकती हैं. हालांकि पेट दर्द के पीछे कारण अलग-अलग हो सकते हैं, जैसे गैस, एसिडिटी, फूड पॉइजनिंग, इंफेक्शन, अल्सर या अपेंडिक्स की समस्या. ऐसे में बिना कारण समझे कोई भी दर्द की दवा लेना नुकसानदायक हो सकता है.
डॉक्टर के अनुसार कई दर्द निवारक दवाएं पेट की अंदरूनी परत पर असर डालती हैं. ये दवाएं खाली पेट लेने पर गैस, एसिडिटी, जलन या अल्सर की समस्या बढ़ सकती है. यही वजह है कि डॉक्टर बिना सलाह बार-बार पेनकिलर लेने से मना करते हैं. अगर किसी व्यक्ति को पहले से गैस्ट्रिक समस्या, अल्सर या लिवर संबंधी बीमारी है, तो गलत दवा हालत को और खराब कर सकती है. अगर पेट दर्द लगातार बना रहे, बहुत तेज हो, उल्टी, बुखार, दस्त या पेट में सूजन जैसी समस्या के साथ हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए. कई बार पेट दर्द गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है, जिसे सिर्फ दवा से ठीक नहीं किया जा सकता.
हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो भारत में बिना डॉक्टर की सलाह दवा लेने की आदत काफी आम है. हकीकत यह है कि हर दर्द के लिए एक जैसी दवा लेना सही नहीं होता. कई बार लोग दर्द दबा देते हैं, लेकिन अंदर की बीमारी बढ़ती रहती है. इसलिए अगर पेट दर्द बार-बार हो रहा हो या लंबे समय तक बना रहे, तो घरेलू इलाज या पेनकिलर पर निर्भर रहने के बजाय डॉक्टर की सलाह लेना ज्यादा सुरक्षित माना जाता है. सिरदर्द की दवा पेट दर्द का इलाज नहीं होती. असली जरूरत यह समझने की है कि दर्द क्यों हो रहा है. सही समय पर जांच और सही दवा लेने से न सिर्फ समस्या जल्दी ठीक होती है, बल्कि भविष्य में गंभीर दिक्कतों से भी बचाव हो सकता है.
About the Author

अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें





