दतिया में 6 बजे तक करीब 72 प्रतिशत वोटिंग
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के तहत आज मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया और शाम छह बजे तक करीब 72 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम छह बजे समाप्त हुआ। यहां शाम 6 बजे तक करीब 71.40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। साल 2023 के विधानसभा चुनाव में यहां अब तक का सर्वाधिक 80.20 प्रतिशत मतदान हुआ था।
जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखड़े ने कहा कि मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं का पहुंचना शुरू हो गया था और लोगों ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।उन्होंने कहा, ‘‘मतदान पूर्णतः शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। 71.40 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। यह संख्या अभी बढ़ सकती है।’’ उन्होंने कहा कि कहीं से न तो कोई शिकायत मिली है और न ही कोई अप्रिय घटना हुई है। वानखड़े ने कहा कि सभी मतदान केन्द्रों से आंकड़े आ जाने के बाद आधिकारिक रूप से मतदान प्रतिशत की घोषणा की जाएगी।
इस बीच, कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मतदान के दौरान सत्ता का खुलकर दुरुपयोग किया गया। पार्टी ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा कि रामसागर के पोलिंग क्रमांक 51 से कांग्रेस के पोलिंग एजेंट को बिना कारण बताए पुलिस अपने साथ ले गई ताकि निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया प्रभावित हो और ‘बूथ कैप्चरिंग’ हो सके।




