जापान में 6.9 तीव्रता का भूकंप, कई प्रांतों में महसूस हुए झटके
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे इवाते प्रांत के प्रशांत तट के पास आया। इसका केंद्र जमीन से लगभग 50 किलोमीटर नीचे था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं है।
एजेंसी के मुताबिक, जापान के 7-स्तरीय भूकंपीय तीव्रता पैमाने पर आओमोरी प्रांत के हाशिकामी में ‘अपर 6’ और हाचिनोहे में ‘लोअर 6’ तीव्रता दर्ज की गई। इसके अलावा सान्नोहे, मोरियोका और कई अन्य इलाकों में ‘अपर 5’ स्तर के झटके महसूस किए गए। क्योदो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, मियागी, होक्काइडो, अकिता, यामागाता और फुकुशिमा प्रांतों के साथ-साथ राजधानी टोक्यो और आसपास के क्षेत्रों में भी भूकंप का असर देखा गया।




