Last Updated:
Best Family Picnic Spots Near Saharanpur: गर्मियों की छुट्टियां शुरू होते ही अगर आप भी बच्चों को चिलचिलाती गर्मी से राहत दिलाने के लिए किसी ठंडी और बजट फ्रेंडली जगह की तलाश में हैं, तो सहारनपुर के पास स्थित ये 4 हिल स्टेशन्स आपके लिए बेस्ट पिकनिक स्पॉट साबित हो सकते हैं. अक्सर लोग सोचते हैं कि पहाड़ों की ठंडक का मजा लेने के लिए दूर जाकर मोटी रकम खर्च करनी पड़ेगी, जिससे उनका पूरा बजट बिगड़ जाता है. लेकिन अगर आप सहारनपुर या इसके आसपास के इलाकों में रहते हैं, तो आप अपनी फैमिली के साथ यहां घूमने जा सकते हैं. जहां बेहद कम खर्च में आप बच्चों के साथ बर्फीले पानी और वादियों का लुत्फ उठा सकते हैं.
गर्मियों की छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं. ऐसे में माता-पिता अपने बच्चों को चिलचिलाती गर्मी से राहत दिलाने के लिए किसी ठंडी और सुंदर जगह का प्लान बनाते हैं. जहां आप फैमिली के साथ जाकर इंजॉय कर सकें. अगर आप भी ऐसा ही कुछ प्लान कर रहे हैं, तो आज हम आपको सहारनपुर के पास स्थित कुछ ऐसे शानदार हिल स्टेशन्स और ठंडी जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां पहुंचकर आपको इस तपती गर्मी में भी एकदम बेहतरीन ठंडक का अहसास होगा.

अगर आप गर्मियों की इन छुट्टियों में बच्चों को किसी अनोखी और ठंडी जगह पर ले जाना चाहते हैं, तो सहारनपुर से मात्र 75 किलोमीटर की दूरी पर एक बेहद खूबसूरत स्थान है ‘गुच्चू पानी’. इसे ‘लुटेरों की गुफा’ (रॉबर्स केव) के नाम से भी जाना जाता है. यह जगह असल में हिमालय की शिवालिक पहाड़ियों के देहर पठार में स्थित एक प्राकृतिक नदी की गुफा है. इस रहस्यमयी गुफा की कुल लंबाई करीब 600 मीटर है, जो दो मुख्य भागों में बंटी हुई है. इस गुफा के अंदर एक बहुत ही सुंदर झरना भी है, जिसकी ऊंचाई लगभग 10 मीटर है.

इस गुफा के अंदर बहने वाले ठंडे पानी और खूबसूरत झरने का आनंद लेने के लिए दूर-दराज से पर्यटक यहां पहुंचते हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि यहां का एंट्री टिकट भी बहुत सस्ता है, मात्र 35 रुपये प्रति व्यक्ति देकर आप इस खूबसूरत जगह का पूरा लुत्फ उठा सकते हैं. गुफा के अंदर कदम रखते ही आपको गजब की ठंडक महसूस होगी. यहां आप अपने बच्चों के साथ पिकनिक मना सकते हैं और मौज-मस्ती कर सकते हैं. इस जगह की खूबसूरती ऐसी है कि यहां आने के बाद लोगों का वापस लौटने का मन ही नहीं करता.
Add News18 as
Preferred Source on Google

वहीं, सहारनपुर से महज 115 किलोमीटर की दूरी पर पहाड़ों की रानी मसूरी में स्थित ‘केम्प्टी फॉल’ बेहद मशहूर है. यहां खासकर वीकेंड पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ती है. यह झरना अपनी दूध जैसी सफेद पानी की धाराओं के लिए जाना जाता है. इतिहास की बात करें तो एक ब्रिटिश अधिकारी ने इस जगह को चाय पार्टियों (टी पार्टी) के आयोजन के लिए विकसित किया था. मसूरी की खूबसूरत घाटियों से घिरा और समुद्र तल से लगभग 4500 फीट की ऊंचाई पर स्थित केम्प्टी फॉल, दिनभर की सैर और पिकनिक मनाने के लिए लोगों का सबसे पसंदीदा ठिकाना है.

चारों तरफ फैली हरी-भरी पहाड़ियों और धुंध भरे बादलों से घिरा यह झरना दिखने में स्वर्ग जैसा खूबसूरत लगता है. यह पानी की धारा ‘बंगलो की कंडी’ गांव के दक्षिण-पश्चिम से शुरू होकर उत्तर-पश्चिम की तरफ बढ़ती है, जहां यह 4,500 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरती है. अगर आप भी इस भीषण गर्मी के मौसम में अपने बच्चों के साथ बर्फीले पानी और प्रकृति की ठंडी गोद का मजा लेना चाहते हैं, तो यह स्थान आपके लिए सबसे बेस्ट है.

सहारनपुर से सिर्फ 90 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ‘भट्टा फॉल’ भी गर्मियों में ठंडक का अहसास कराने वाली एक बेहद खूबसूरत जगह है. मसूरी रोड पर स्थित यह एक शांत और प्राकृतिक झरना है. जो लोग भीड़भाड़ से दूर सुकून के पल बिताना चाहते हैं, उनके लिए यह जगह एकदम सही है. यह पिकनिक मनाने, ठंडे पानी में नहाने और बच्चों के मनोरंजन के लिए एक बेहतरीन स्पॉट है. इस झरने तक पहुंचने के लिए पर्यटक शानदार ‘भट्टा जलप्रपात रोपवे’ (केबल कार) का आनंद भी ले सकते हैं. दूर-दूर से लोग यहां गर्मियों की छुट्टियां मनाने आते हैं.

सहारनपुर से महज 85 किलोमीटर दूर स्थित ‘सहस्त्रधारा’ गर्मियों में सबसे ज्यादा आनंद देने वाली जगहों में से एक है. बाल्दी नदी के तट पर स्थित यह एक बेहद लोकप्रिय और प्राकृतिक पर्यटन स्थल है. इसके नाम ‘सहस्त्रधारा’ का मतलब होता है ‘हजार धाराएं’. यहां पहाड़ों की चट्टानों को चीरते हुए पानी सैकड़ों छोटी-बड़ी धाराओं के रूप में नीचे गिरता है. इस जगह के पानी में गंधक (सल्फर) होता है, जो त्वचा के लिए भी अच्छा माना जाता है. गर्मी से राहत पाने और ठंडक का मजा लेने के लिए यह एक प्रमुख स्थान है.

सहारनपुर के नजदीक स्थित ये सभी ठंडे और खूबसूरत पर्यटन स्थल ऐसे हैं, जहां आप बेहद कम खर्च में अपने बच्चों को गर्मी से राहत दिला सकते हैं. साथ ही उन्हें प्रकृति, हरियाली और पहाड़ों से रूबरू करा सकते हैं. इन जगहों पर आने-जाने और घूमने में आपकी जेब पर ज्यादा असर भी नहीं पड़ेगा और आपका बजट भी नहीं बिगड़ेगा. आप बहुत कम खर्च में पूरे परिवार के साथ यहां पिकनिक मनाकर अपनी गर्मियों की छुट्टियों को हमेशा के लिए यादगार बना सकते हैं.





