डोंगरगढ़- विकासखंड अंतर्गत डोंगरगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सीतागोटा में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम के दौरान सचिव, जिला कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव (ग्रामीण) विष्णु लोधी ने किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं एवं ग्रामीणजनों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं मांगों को विस्तार से सुना। जन संवाद के दौरान किसानों ने कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ती जा रही है। खाद, बीज, डीजल एवं अन्य कृषि सामग्री के दाम बढ़ने से खेती करना दिन-प्रतिदिन कठिन होता जा रहा है। किसानों ने सरकार से खाद की कीमतों में कमी करने, पर्याप्त मात्रा में समय पर खाद उपलब्ध कराने तथा किसानों को खेती के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की ग्रामीणों एवं किसानों ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को तत्काल समाप्त करने तथा बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने की मांग प्रमुखता से उठाई। ग्रामीणों ने कहा कि बढ़े हुए बिजली बिलों ने गरीब, किसान, मजदूर एवं मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है।
विष्णु लोधी ने कहा कि यदि प्रदेशभर से स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, तो सरकार को जनता की आवाज़ सुननी चाहिए। जनहित के विरुद्ध किसी भी व्यवस्था की समीक्षा कर आम उपभोक्ताओं को राहत देना सरकार का दायित्व है। जन संवाद के दौरान किसानों ने सरकार से ₹3,286 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी सुनिश्चित करने तथा पिछले दो वर्षों में समर्थन मूल्य में घोषित बढ़ी हुई राशि का शीघ्र भुगतान करने की मांग की। किसानों का कहना था कि बढ़ती खेती लागत के बीच उचित मूल्य और लंबित राशि का भुगतान उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए आवश्यक है।
विष्णु लोधी ने कहा कि किसान को उसकी उपज का न्यायसंगत मूल्य मिलना उसका अधिकार है। जब खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, तब सरकार का दायित्व है कि किसानों को समय पर उचित मूल्य और देय राशि उपलब्ध कराए।
जन संवाद के दौरान ग्राम सीतागोटा के किसानों ने कारीसरार बांध एवं बाघनदी बांध से लिफ्ट इरिगेशन योजना प्रारंभ कर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से रखी। किसानों ने कहा कि इस योजना के क्रियान्वयन से क्षेत्र की बड़ी कृषि भूमि सिंचित होगी, उत्पादन बढ़ेगा तथा किसानों की आय में वृद्धि होगी। इसके साथ ही ग्रामीणों ने सीतागोटा में अधूरी नल-जल योजना को शीघ्र पूरा करने, सीतागोटा से महाराष्ट्र सीमा तक सड़क निर्माण तथा सीतागोटा से कन्हारटोला तक पक्की सड़क निर्माण की मांग भी उठाई। ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से लंबित इन मांगों के कारण आवागमन, पेयजल एवं ग्रामीण विकास प्रभावित हो रहा है। विष्णु लोधी ने कहा कि सिंचाई, सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं किसी भी ग्रामीण क्षेत्र के विकास की आधारशिला हैं। सरकार को इन लंबित जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कर शीघ्र पूरा करना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि बरसात के मौसम में मलेरिया का प्रकोप बढ़ने के बावजूद कई सरकारी अस्पतालों में जांच किट की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होना चिंता का विषय है। सरकार को तत्काल स्वास्थ्य केंद्रों में जांच किट, दवाइयों और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए। विष्णु लोधी ने कहा कि प्रदेश मे जूनियर एमबीबीएस डॉक्टरों और पटवारियों के आंदोलन से आम जनता प्रभावित हो रही है। सरकार को संवाद के माध्यम से उनकी न्यायोचित मांगों का शीघ्र समाधान करना चाहिए, ताकि स्वास्थ्य एवं राजस्व सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो सकें।
विष्णु लोधी ने कहा कि गांव-गांव से उठ रही समस्याएं यह स्पष्ट करती हैं कि किसान, मजदूर, युवा और महिलाएं आज अनेक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। जन संवाद अभियान का उद्देश्य इन आवाज़ों को संगठित कर शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना और उनकेय समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से निरंतर संघर्ष करना है। अंत में विष्णु लोधी ने ग्राम सीतागोटा के सभी ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अभियान विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक जारी रहेगा और जनता की प्रत्येक न्यायोचित मांग को पूरी मजबूती से उठाया जाएगा।
इस दौरान गंगा सेउतकर ,रमेश उइके, कार्तिक नंदेश्वर, प्रदीप उसके,दामोदर बागडे, परमानंद चिंगारे, विजय टेम्भूकर, दीनू आचले, सुरेंद्र सेउतर, उत्तम सिंह, रमाशंकर कस्तूर, घनश्याम साहू, चंद्रकांत सिंह, टीकम राजपूत, मदन मांडवी, टेकचंद,जागेश्वर उइके, महेशवर उसके, श्याम सुंदर हटीले, द्वारिका सिन्हा, नरसिंह वर्मा,नीलांबरवर्मा,भागीचंद्रवंशी,कामता,जयचंद ,घनश्याम सत्रोहन, आदि किसान ग्रामीण जन एवं कार्यकर्ता पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सीतागोटा के किसानों में आक्रोश: स्मार्ट मीटर हटाने, बिजली बिल हाफ,₹3286 में धान खरीदी, नल जल योजना, सिंचाई और सड़क निर्माण की मांग हुई तेज -(विष्णु लोधी)
Related articles




