अमेरिकी बच्चों की तो चांदी है भई! न भारी बस्ता, न होमवर्क का रोना, बस 4 चीजें लेकर जाते हैं स्कूल


Last Updated:

American School Bag vs Indian School Bag: क्या बच्चों का स्कूल बैग सिर्फ 4 चीजों से भी भर सकता है? अमेरिका में रहने वाली एक भारतीय मां ने वायरल वीडियो में दिखाया कि वहां के बच्चे भारी किताबों के बजाय सिर्फ जरूरत का सामान ले जाते हैं. इस वायरल वीडियो ने भारत में बढ़ते बस्ते के बोझ पर नई बहस छेड़ दी है.

Zoom

American School Bag: अमेरिकी बच्चे स्कूल के लॉकर में ही सामान रखते हैं (फोटो सोर्स- sonalbisla)

नई दिल्ली (American Bag vs Indian Bag). भारत में सुबह-सुबह एक नजारा आम होता है- नन्हे-नन्हे बच्चे अपनी पीठ पर खुद के वजन से भी भारी बैग लादे स्कूल जाते हैं. किताबों, कॉपियों, स्टेशनरी और भारी टिफिन के बोझ तले दबी इन मासूमों की पीठ चर्चा का विषय बन गई है. लेकिन क्या दुनिया के हर कोने में पढ़ाई का तरीका इतना ही बोझिल है? अमेरिका में रहने वाली भारतीय महिला सोनल चौधरी ने वीडियो में अपने बेटे का स्कूल बैग खोलकर दिखाया कि आखिर अमेरिका जैसे विकसित देश में बच्चे क्या लेकर जाते हैं.

यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया है. इसमें दिख रही सादगी भारतीय माता-पिता के लिए किसी सपने जैसी है. भारत में आज भी बच्चे 5-7 किलो का बैग उठा रहे हैं, वहीं अमेरिका में बैग का मतलब जरूरत है, बोझ नहीं. सोनल ने वीडियो में न केवल बैग के अंदर का सामान दिखाया, बल्कि वहां के एजुकेशन सिस्टम की वह खूबी भी दिखाई, जो बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास को प्राथमिकता देती है. इस वीडियो ने भारत में शिक्षा प्रणाली और स्कूल बैग पॉलिसी पर बहस तेज कर दी है.

अमेरिकी बैग का ‘मैजिक’: सिर्फ 4 चीजें!

सोनाली ने जब अपने बेटे का बैग कैमरे के सामने खुलवाया तो देखने वाले दंग रह गए. उसके बैग में ऐसी कोई चीज नहीं थी, जिसकी हमें भारत में आदत है. वहां के बैग में मुख्य रूप से केवल 4 चीजें थीं:

  • पानी की बोतल: सेहत का ख्याल रखने के लिए सबसे जरूरी.
  • टिफिन बॉक्स: लंच ब्रेक के लिए घर का खाना.
  • एक फोल्डर: इसमें टीचर की तरफ से दिए गए जरूरी नोटिस या वर्कशीट्स होती हैं.
  • लाइब्रेरी बुक: यह किताब भी कोर्स की नहीं, बल्कि बच्चे की पसंद की होती है जिसे उसने पढ़ने के लिए इश्यू कराया होता है.

क्या अमेरिका के स्कूलों में बच्चे किताबें नहीं ले जाते?

सबसे बड़ा सवाल यह था कि अगर बैग में किताबें नहीं हैं तो वहां पढ़ाई कैसे होती है? सोनाली ने बताया कि अमेरिका में ‘डेस्क बॉक्स’ या लॉकर का कल्चर है. बच्चों की कोर्स की किताबें और कॉपियां स्कूल में ही रहती हैं. वे स्कूल जाते हैं, वहां अपनी अलमारी से किताबें निकालते हैं, पढ़ाई करते हैं और छुट्टी के समय उन्हें वहीं छोड़कर घर आ जाते हैं. इससे बच्चों को घर पर होमवर्क का वह तनाव नहीं होता जो उन्हें घंटों तक किताबों में उलझाए रखे. इसके साथ ही बच्चों को आईपैड भी मिलता है.

भारत बनाम अमेरिका: बचपन का बोझ

वायरल वीडियो के आखिर में सोनाली ने एक टीस भरी बात कही कि वह तो अपने समय पर 4-5 किलो का बैग ले जाती थीं. उन्होंने उम्मीद जताई कि शायद अब भारत में भी बदलाव आया होगा. लेकिन कमेंट सेक्शन में भारतीय पेरेंट्स की प्रतिक्रिया इसके उलट थी. किसी ने लिखा कि उनका बच्चा आज भी 10 किलो का बैग उठाता है तो किसी ने कहा कि भारत में बैग अब पहले से भी ज्यादा भारी हो गए हैं. कई लोगों ने शिकायत की कि स्कूलों ने ‘नो-बैग डे’ तो घोषित किए हैं लेकिन जमीन पर स्थिति वैसी ही बनी हुई है.

क्या बैग हल्का होने से पढ़ाई पर असर पड़ता है?

स्कूल बैग हल्का होने का मतलब केवल शारीरिक आराम नहीं है. जब बच्चा स्कूल की चीजों को स्कूल में ही छोड़कर आता है तो उसका घर पर बिताया समय क्रिएटिव कामों, हॉबीज, कुछ सीखने-सिखाने और खेलकूद के लिए सुरक्षित रहता है. अमेरिका का एजुकेशन मॉडल किड्स फ्रेंडली है. इसमें सीख मिलती है कि शिक्षा का उद्देश्य बच्चे को ‘सूचनाओं का गोदाम’ बनाना नहीं, बल्कि उसे सीखने के लिए प्रेरित करना है. सोनाली का वीडियो सिस्टम के लिए आईना है.

2026 यानी तकनीक और एआई के दौर में भी हमारे बच्चे पुराने सिस्टम के बोझ तले दबे हैं. अमेरिका का यह छोटा सा बैग हमें बड़ा संदेश दे रहा है कि शिक्षा को बोझ नहीं, बल्कि उड़ने के लिए पंख बनाना चाहिए.

About the Author

authorimg

Deepali Porwal

With more than 10 years of experience in journalism, I currently specialize in covering education and civil services. From interviewing IAS, IPS, IRS officers to exploring the evolving landscape of academic sys…और पढ़ें



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

spot_imgspot_img