Last Updated:
Pali Nature Heaven: राजस्थान की भीषण गर्मी के बीच अगर आप वीकेंड पर सुकून और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेना चाहते हैं, तो पाली का यह ‘नेचर हेवन’ आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है. हरियाली, शांत वातावरण और मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों से घिरा यह स्थान पर्यटकों को शहर की भागदौड़ से दूर राहत का अनुभव कराता है. यहां आने वाले लोग प्रकृति के करीब समय बिताने के साथ फोटोग्राफी, परिवार के साथ पिकनिक और शांत माहौल का आनंद लेते हैं. विशेष रूप से मानसून और गर्मी के मौसम में यह जगह और भी आकर्षक नजर आती है. स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने वाला यह स्थल अब वीकेंड डेस्टिनेशन के रूप में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है.
जैसे ही मानसून की पहली फुहारें पाली की धरती को छूती हैं, रणकपुर की पूरी तस्वीर बदल जाती है. अरावली की सूखी और तपती पहाड़ियां देखते ही देखते मखमली हरी चादर ओढ़ लेती हैं. चारों तरफ फैली हरियाली आँखों को वो सुकून देती है जिसकी तलाश अमूमन शहरों की कंक्रीट वाली जिंदगी में मुमकिन नहीं है. सुबह के वक्त जब इन पहाड़ियों पर कोहरा और बादल आकर ठहरते हैं, तो ऐसा लगता है मानो प्रकृति खुद धरती पर उतर आई हो.

रणकपुर की असली खूबसूरती मानसून में यहाँ बहने वाले मौसमी झरनों से निखरती है. पहाड़ियों के ऊंचे पहाडों से जब बारिश का पानी नीचे गिरता है, तो दूधिया झरने सैलानियों का मन मोह लेते हैं. आस-पास के नदी-नाले और बांध पानी से लबालब हो जाते हैं. पानी की कल-कल ध्वनि और जंगलों से आती हवाओं का संगीत मिलकर एक ऐसा प्राकृतिक माहौल तैयार करता है, जहां पहुंचकर इंसान अपनी सारी थकान भूल जाता है.

रणकपुर सिर्फ अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर मशहूर अपने जैन मंदिर के लिए भी जाना जाता है. बारिश के दिनों में इस भव्य मंदिर परिसर की छटा दोगुनी हो जाती है. 1444 खंभों पर टिके इस प्राचीन मंदिर के सफेद संगमरमर पर जब बारिश की बूंदें गिरती हैं और धुलने के बाद जब यह निखरता है, तो इसकी नक्काशी और चमचमाने लगती है. यहाँ की आध्यात्मिक शांति और बाहर की प्राकृतिक हरियाली का संगम अद्भुत है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

रणकपुर का क्षेत्र कुंभलगढ़ वन्यजीव अभयारण्य से सटा हुआ है, जिसके कारण यह वन्यजीव प्रेमियों के लिए किसी सौगात से कम नहीं है. मानसून के दौरान यहाँ घने जंगलों में मोर का नृत्य, तरह-तरह के प्रवासी पक्षियों की चहचहाहट और कभी-कभार पैंथर या भालू जैसे वन्यजीवों की अठखेलियाँ देखना रोमांच को बढ़ा देता है. एडवेंचर के शौकीनों के लिए यहाँ कई खूबसूरत ट्रेकिंग ट्रेल्स हैं, जहाँ प्रकृति को बेहद करीब से महसूस किया जा सकता है.

आज के सोशल मीडिया के दौर में हर कोई अपनी यादों को कैमरे में कैद करना चाहता है. रणकपुर का कोहरा, पहाड़ों से उतरते बादल, सड़कों के दोनों ओर फैले घने पेड़ और वादियों के मोड़ फोटोग्राफर्स के लिए किसी स्वर्ग जैसे हैं. रील बनाने वाले युवाओं से लेकर प्रोफेशनल वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर्स तक के लिए इस सीजन में रणकपुर में हर कदम पर एक परफेक्ट फ्रेम और शानदार बैकग्राउंड तैयार मिलता है.

जोधपुर, उदयपुर और पाली मुख्यालय से नजदीक होने के कारण रणकपुर वीकेंड पर सपरिवार घूमने के लिए सबसे मुफीद और सुरक्षित जगह है. यहाँ तक पहुँचने के रास्ते बेहद खूबसूरत और सुगम हैं. मानसून के दौरान यहाँ की सड़कें और उनके आस-पास के नजारे किसी लॉन्ग ड्राइव का मजा दोगुना कर देते हैं. इस वीकेंड अगर आप भी गर्मी से राहत और सुकून भरे पलों की तलाश में हैं, तो अपनी गाड़ी की चाबी उठाइए और निकल पड़िए रणकपुर की हसीन वादियों की ओर.




