Last Updated:
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कतर की ओर से मिले नए एयरफोर्स वन विमान का अनावरण किया. ट्रंप ने इसे उड़ता हुआ व्हाइट हाउस बताया और दावा किया कि यह दुनिया का सबसे लग्जरी विमान है. हालांकि सैकड़ों मिलियन डॉलर के इस गिफ्ट को लेकर अमेरिका में सवाल लगातार उठ रहे हैं.
डोनाल्ड ट्रंप का नया एयरफोर्स वन.
वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कतर की ओर से मिले नए एयर फोर्स वन को सर्विस में शामिल कर दिया है. वॉशिंगटन के पास जॉइंट बेस एंड्रयूज में आयोजित कार्यक्रम में ट्रंप ने इस विमान को ‘उड़ता हुआ व्हाइट हाउस’ बताया और कहा कि दुनिया में इससे ज्यादा शानदार विमान दूसरा नहीं है. ट्रंप ने कहा, ‘यह दुनिया का सबसे लग्जरी विमान माना जाता है. इसे जिस तरह तैयार किया गया है, वैसी क्वालिटी लोगों ने पहले कभी नहीं देखी होगी.’ उन्होंने कतर के अमीर का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने इतना बड़ा तोहफा देकर अमेरिका पर बड़ा एहसान किया है.
लग्जरी होटल जैसी सुविधा
मीडिया को विमान के अंदर जाने की इजाजात भी दी गई. रिपोर्ट के मुताबिक इसमें आलीशान लेदर सीटें, मुलायम कालीन, लकड़ी की शानदार पैनलिंग और सुनहरे रंग की डिजाइन वाला इंटीरियर बनाया गया है. दीवारों पर देशभक्ति से जुड़ी तस्वीरें लगाई गई हैं. इनमें वॉशिंगटन के मशहूर रिफ्लेक्टिंग पूल में तैरती बतख की तस्वीर भी शामिल है.
ट्रंप ने दावा किया कि यह विमान मौजूदा एयरफोर्स वन से ज्यादा दूर तक और ज्यादा तेज उड़ सकता है. उन्होंने कहा कि 4 जुलाई को अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में यह विमान फ्लाईपास्ट का हिस्सा भी बन सकता है.
पुराने एयरफोर्स वन की हुई विदाई
इस नए विमान को सर्विस में शामिल करने से एक दिन पहले व्हाइट हाउस ने 1990 से अमेरिकी राष्ट्रपतियों की सेवा कर रहे पुराने बोइंग 747-200 (VC-25A) विमान को भावुक विदाई दी. व्हाइट हाउस कम्युनिकेशन डायरेक्टर स्टीव चेउंग ने सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘आखिरी उड़ान. शानदार सेवा के लिए धन्यवाद.’ व्हाइट हाउस के डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ डैन स्कैविनो ने भी विमान का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि उन्हें साढ़े पांच साल तक इस ऐतिहासिक विमान में दुनिया भर की यात्रा करने का मौका मिला.
कतर का प्लेन क्यों बना नया एयरफोर्स वन?
कतर ने अमेरिका को लग्जरी बोइंग 747-800 विमान गिफ्ट किया था. इसे अमेरिकी राष्ट्रपति के इस्तेमाल के हिसाब से पूरी तरह बदला गया है. अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने विमान को लगभग पूरी तरह खोलकर उसमें हाई-लेवल सिक्योरिटी सिस्टम, सुरक्षित कम्युनिकेशन नेटवर्क और दूसरे सैन्य उपकरण लगाए हैं. अमेरिकी वायुसेना के मुताबिक इस विमान को राष्ट्रपति के लिए तैयार करने पर 40 करोड़ डॉलर से कम खर्च आने का अनुमान है.
About the Author

Yogendra Mishra holds a degree in Journalism from the University of Allahabad. He has been actively associated with the media industry since 2017 and brings extensive experience across various domains of journa…और पढ़ें




