फिल्म इंडस्ट्री में समय के साथ खुद को बदलते रहना और हर दिन नया सीखना बहुत जरूरी होता है। एक्ट्रेस नीना गुप्ता का मानना है कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती। उन्होंने बताया कि वह आजकल युवा कलाकारों के साथ काम करके बहुत कुछ सीख रही हैं। इसी अनुभव को उन्होंने एक वीडियो के जरिए इंस्टाग्राम पर साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि कैसे नई पीढ़ी के साथ जुड़कर वह खुद को समय के साथ ढाल रही हैं।
नीना गुप्ता ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में कहा, “मैं इन दिनों एक सीरीज में युवा लड़कियों के साथ काम कर रही हूं और उनसे मुझे बहुत कुछ सीखने को मिल रहा है। आजकल का संगीत कैसा है, लोग किस तरह की भाषा बोलते हैं, फैशन में क्या चल रहा है और सोशल मीडिया का सही इस्तेमाल कैसे किया जाता है, ये सारी बातें मैं अपने साथ काम करने वाले युवा कलाकारों से सीख रही हूं।”
उन्होंने कहा, “कई ऐसी चीजें हैं, जिनके बारे में मुझे पहले ज्यादा जानकारी नहीं थी, लेकिन अब मैं धीरे-धीरे सब समझने लगी हूं। यह अनुभव मेरे लिए बेहद खास है, क्योंकि इससे मेरी सोच और समझ दोनों में बदलाव आ रहा है।”
नीना गुप्ता ने कहा, ”नई पीढ़ी के लोगों के साथ काम करने से मुझे एक अलग नजरिया मिला है। इससे मुझे यह समझने में मदद मिल रही है कि आज के समय में लोग कैसे सोचते हैं और किस तरह से अपनी जिंदगी जीते हैं। मेरे एक पुराने दोस्त मिस्टर तलवार (जो अब इस दुनिया में नहीं है) ने एक बार मुझसे कहा था कि जब वह जवान थे, तो उन्होंने अपने से बड़े लोगों के साथ रहकर उनसे सीखा और जब वह बड़े हो गए, तो उन्होंने युवाओं के साथ रहना शुरू किया, ताकि उनसे नई चीजें सीख सकें।”





