Last Updated:
Quit Sugar for 10 days: हमारे जीवन में चीनी रची-बसी चीज है. चाहे वह चाय हो, कॉफी हो, बिस्किट हो, कोल्ड ड्रिंक्स हो, मिठाई हो, चीनी के बिना कल्पना भी नहीं कर सकते हैं. लेकिन चीनी निहायत ही खराब चीज है. चीनी अल्ट्रा प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थ है जिसे साइलेंट किलर कहे तो कोई हैरानी नहीं. ऐसे में अगर आप सिर्फ 10 दिनों के लिए चीनी को छोड़ दें तो शरीर पर इसका क्या असर होगा. आइए इसके बारे में जानते हैं.
आजकल सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला एक डाइट टिप है ‘शुगर कट’. लगभग हर कोई इसके बारे में जानता है. क्या आप जानते हैं कि अगर कोई चीनी खाना कम से कम 10 दिनों के लिए बंद कर दे तो उसे कौन-कौन से फायदे मिल सकते हैं?

अगर कोई 10 दिन तक चीनी से दूर रहता है, तो उसे कौन-कौन से फायदे मिलते हैं और हर दिन उसके शरीर में क्या बदलाव होते हैं, इसके बारे में न्यूट्रिशन एक्सपर्ट अनामिका ने अपने सोशल मीडिया पेज पर बताया है. उन्होंने कहा है, ‘चीनी हमारे दिमाग को आदत बना देती है. जब हम चीनी छोड़ते हैं, तो हमारा शरीर खुद को फिर से ठीक करने लगता है.’

अनामिका ने बताया है कि जब आप चीनी छोड़ते हैं तो आपकी त्वचा चमकने लगती है और सूजन जैसी समस्याएं कम हो जाती हैं. उन्होंने कहा, ‘मैं यह नहीं कह रही कि आपको पूरी तरह से चीनी छोड़ देनी चाहिए, लेकिन अगर आप चीनी नहीं खाते तो आपके शरीर में क्या बदलाव आते हैं, यह आपको जरूर जानना चाहिए.’ इसी तरह, पहले 10 दिन में जब आप चीनी खाना बंद करते हैं, तो शरीर में किस तरह के बदलाव आते हैं, वह यहां बताया गया है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

पहले 3 दिन: अचानक चीनी छोड़ने से खाने की इच्छा थोड़ी ज्यादा हो सकती है. इन दिनों में खुद को कंट्रोल करना जरूरी होता है. इसलिए मन में बदलाव आ सकते हैं. खासकर चिड़चिड़ापन महसूस होने का मौका ज्यादा रहता है.

4 से 6 दिन: आमतौर पर चीनी तुरंत शरीर को ऊर्जा देती है, लेकिन ये ऊर्जा ज्यादा देर तक नहीं रहती. जब आप चीनी खाना बंद कर देते हैं, तो आपको लगातार ऊर्जा मिलती है. चीनी शरीर में ज्यादा पानी जमा करने की वजह बनती है, इसलिए जब आप इसे छोड़ते हैं तो शरीर में जमा हुआ फालतू पानी आसानी से बाहर निकल जाता है और आपको चेहरे और पेट में हल्का महसूस होता है. इसे ही Water weight loss कहते हैं. इस दौरान इंसुलिन का स्तर कंट्रोल में आ जाता है, जिससे बार-बार भूख लगना कम हो जाता है.

7 से 10 दिन में आपको त्वचा में चमक महसूस होगी. चीनी खाने की इच्छा धीरे-धीरे कम हो जाएगी. दिमाग की सुस्ती दूर होगी, ध्यान और नींद बेहतर हो जाएगी. सबसे खास बात, जीभ पर स्वाद महसूस करने की क्षमता बढ़ेगी. इस समय फलों की प्राकृतिक मिठास आपको बहुत ज्यादा मीठी लगेगी.

अगर आपको चीनी छोड़ना मुश्किल लगता है, तो मीठा खाने का मन हो तो आप खजूर, किशमिश या मीठे फल खा सकते हैं. देशी चीनी, शहद या गुड़ भी थोड़ी मात्रा में इस्तेमाल कर सकते हैं. ये भी चीनी ही हैं, लेकिन सफेद चीनी से थोड़े बेहतर माने जाते हैं, इसलिए इन्हें खाया जा सकता है. लेकिन इन्हें भी छोड़ना ही ज्यादा फायदेमंद होता है. इसके अलावा दो सलाह और हैं, उन्हें भी जान लीजिए.

अगर खाने में प्रोटीन और फाइबर (जैसे चिकन, अंडा, दालें, चना आदि) ज्यादा हो तो ब्लड शुगर अचानक कम नहीं होता. इससे चीनी खाने की इच्छा कंट्रोल में रहती है.

कई बार शरीर प्यास को भूख या चीनी की जरूरत समझ लेता है. इसलिए जब मीठा खाने का मन हो तो एक गिलास पानी पीकर 10 मिनट इंतजार करें, शायद आपकी इच्छा खुद ही खत्म हो जाए.

अगर आप पूरी तरह चीनी छोड़ नहीं सकते तो कम से कम 10 दिन तक ट्राई करें. इससे जो फायदे मिलेंगे उन्हें देखकर आप इसे आगे भी जारी रख सकते हैं.

स्पष्टीकरण: ये जानकारी सिर्फ सामान्य सूचना के लिए दी गई है. अपनी डाइट या रोजमर्रा की आदतों में कोई बदलाव करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें. News18 Hindi इन जानकारियों के लिए जिम्मेदार नहीं है.





