आपको रोज कितने ग्राम प्रोटीन की जरूरत है? वजन के हिसाब से करें सेवन, लोहे सी मजबूत बन जाएगी बॉडी !


Last Updated:

Protein Intake by Weight: प्रोटीन हमारी मसल्स की ग्रोथ के लिए बेहद जरूरी होता है. इसकी कमी से शरीर कमजोर हो सकता है और कई स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं. अक्सर लोगों का सवाल होता है कि रोज कितने ग्राम प्रोटीन खाना चाहिए. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो अधिकतर लोगों को अपने बॉडी वेट के प्रति किलो 0.8 ग्राम प्रोटीन की जरूरत होती है. अगर आप एथलीट हैं या जिम में जाकर वर्कआउट करते हैं, तो एक्सपर्ट की सलाह पर इनटेक थोड़ा बढ़ा सकते हैं.

Zoom

मसल्स को मजबूत करने के लिए रोज पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन खाना चाहिए.

Daily Protein Requirement: प्रोटीन हमारे शरीर के लिए बेहद जरूरी पोषक तत्व है. मसल्स को स्ट्रॉन्ग बनाने के लिए लोगों को रोज पर्याप्त प्रोटीन खाना चाहिए. प्रोटीन हमें खाने-पीने की चीजों से मिलता है. अक्सर लोग यह गलती करते हैं कि वे बिना सोचे-समझे प्रोटीन सप्लीमेंट्स का सहारा लेने लगते हैं, जबकि नेचुरल फूड्स से मिलने वाला प्रोटीन सेहत के लिए ज्यादा फायदेमंद होता है. अधिकतर लोग मसल्स बनाने के लिए जिम में जाकर वर्कआउट तो करते हैं, लेकिन वे यह नहीं जानते हैं कि उन्हें रोज कितने ग्राम प्रोटीन खाना चाहिए. मजबूत बॉडी बनाने के लिए सभी के लिए प्रोटीन का सही इनटेक समझना बेहद जरूरी है.

हार्वर्ड हेल्थ की रिपोर्ट के मुताबिक एक स्वस्थ वयस्क को रोज अपने शरीर के प्रति किलो वजन पर कम से कम 0.8 ग्राम प्रोटीन की जरूरत होती है. उदाहरण के लिए अगर आपका वजन 70 किलो है, तो आपको दिन भर में कम से कम 56 ग्राम प्रोटीन चाहिए. वजन के हिसाब से प्रोटीन का सेवन करने से शरीर की कोशिकाओं की मरम्मत तेज गति से होती है और थकान महसूस नहीं होती है. अगर आप नियमित रूप से जिम जाते हैं या भारी वजन उठाते हैं, तो आपके शरीर को सामान्य लोगों की तुलना में ज्यादा प्रोटीन की जरूरत हो सकती है. ऐसे लोग प्रति किलो वजन पर 1.6 से 2.2 ग्राम तक प्रोटीन का सेवन कर सकते हैं. सबसे जरूरी बात यह है कि आप प्रोटीन का इनटेक बढ़ाने से पहले जिम ट्रेनर या हेल्थ एक्सपर्ट से कंसल्ट जरूर करें.
सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

फिजिकली एक्टिव लोगों के लिए प्रोटीन न केवल रिकवरी में मदद करता है, बल्कि यह मेटाबॉलिज्म को भी तेज करता है, जिससे शरीर में जमा अतिरिक्त चर्बी कम होती है और लीन मसल मास बढ़ता है. इससे शरीर को मजबूती मिलती है. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो प्रोटीन की सही मात्रा ही नहीं, बल्कि इसे सही समय पर खाना भी जरूरी होता है. अक्सर लोग रात के खाने में ज्यादा प्रोटीन लेते हैं, जबकि शरीर इसे छोटे-छोटे हिस्सों में बेहतर तरीके से सोखता है. विशेषज्ञों के अनुसार प्रत्येक मील यानी ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर में 20 से 30 ग्राम प्रोटीन बांटकर लेना चाहिए. वर्कआउट के बाद 30 से 45 मिनट के भीतर प्रोटीन का सेवन मांसपेशियों की मरम्मत के लिए सबसे प्रभावी माना जाता है. प्रोटीन के साथ पर्याप्त मात्रा में पानी पीना न भूलें, क्योंकि प्रोटीन के मेटाबॉलिज्म के दौरान किडनी को ज्यादा पानी की जरूरत होती है.

प्रोटीन की कमी दूर करने के लिए लोगों को सप्लीमेंट्स के बजाय नेचुरल फूड्स का सेवन करना चाहिए. शाकाहारी लोग प्रोटीन की पर्याप्त मात्रा पाने के लिए पनीर, सोयाबीन, दालें, छोले, कद्दू के बीज और क्विनोआ का सेवन कर सकते हैं. नॉन वेजिटेरियन लोग अंडा, चिकन और मछली से हाई क्वालिटी वाला प्रोटीन प्राप्त कर सकते हैं. कोशिश करें कि आप कम्पलीट प्रोटीन लें, जिसमें सभी आवश्यक अमीनो एसिड मौजूद हों. शाकाहारी लोग अनाज और दालों को मिलाकर खाएं, तो प्रोटीन की गुणवत्ता सुधर सकती है. हेल्थ एक्सपर्ट्स का साफ कहना है कि किसी भी चीज की अति हानिकारक हो सकती है. जरूरत से ज्यादा प्रोटीन का सेवन शरीर में यूरिक एसिड बढ़ा सकता है, जिससे जोड़ों में दर्द या किडनी स्टोन की समस्या हो सकती है. अगर आपको पहले से ही किडनी या लिवर से संबंधित कोई बीमारी है, तो हाई-प्रोटीन डाइट शुरू करने से पहले डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह जरूर लें.

About the Author

authorimg

अमित उपाध्याय

अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img