ऐपल 4 मार्च 2026 को अपना पहला बड़ा शोकेस आयोजित करने जा रहा है. इस बार कंपनी पारंपरिक क्यूपर्टिनो कीनोट की बजाय न्यूयॉर्क, लंदन और शंघाई में ‘स्पेशल ऐपल एक्सपीरिएंस’ के नाम से चुनिंदा मीडिया को आमंत्रित कर रही है. हालांकि आधिकारिक तौर पर किसी प्रोडक्ट की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार सबसे ज्यादा चर्चा आईफोन 17e को लेकर है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक आईफोन 17e का डिजाइन पिछले आईफोन 16e जैसा ही रह सकता है. यानी साइज और बॉडी में बड़े बदलाव की उम्मीद कम है.
इसमें 6.1-इंच की डिस्प्ले मिल सकती है, जो 60Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करेगी. पहले डायनेमिक आईलैंड की चर्चा थी, लेकिन अब माना जा रहा है कि ऐपल पारंपरिक नॉच डिजाइन के साथ ही आगे बढ़ेगा. कलर ऑप्शन में लैवेंडर, ब्लैक और व्हाइट शामिल हो सकते हैं.
परफॉर्मेंस और चिपसेट
आईफोन 17e में ऐपल का नया A19 प्रोसेसर मिलने की उम्मीद है, जो स्टैंडर्ड आईफोन 17 सीरीज़ में भी इस्तेमाल होगा. कंपनी का दावा है कि यह चिप पिछले जेनरेशन की तुलना में 40% तेज CPU परफॉर्मेंस दे सकती है. साथ ही 16-कोर न्यूरल इंजन के जरिए AI प्रोसेसिंग और बेहतर होगी.
इसके अलावा नया C1X मॉडेम भी मिल सकता है, जो पहले आईफोन एयर में देखा गया था. यह बेहतर नेटवर्क स्पीड और पावर एफिशिएंसी दे सकता है.
कैमरा और बैटरी
कैमरे की बात करें तो आईफोन 17e में 48MP का रियर कैमरा (OIS के साथ) और 12MP का फ्रंट ट्रू डेप्थ कैमरा मिलने की संभावना है.
बैटरी कैपेसिटी को लेकर ऐपल आमतौर पर ऑफिशियल जानकारी नहीं देता, लेकिन लीक्स के मुताबिक बैटरी साइज पहले जैसा ही रह सकता है. हालांकि A19 चिप की बेहतर एफिशिएंसी से बैटरी बैकअप में सुधार देखने को मिल सकता है.
चार्जिंग 18W वायर्ड और 7.5W वायरलेस रह सकती है, लेकिन MagSafe सपोर्ट जुड़ने की संभावना है, जिससे वायरलेस चार्जिंग 25W तक पहुंच सकती है.
कितनी हो सकती है कीमत?
ब्लूमबर्ग के मार्क गुरमन की रिपोर्ट के मुताबिक, कीमत में बदलाव नहीं होगा. वैश्विक स्तर पर इसकी शुरुआती कीमत $599 रह सकती है. भारत में 128GB वेरिएंट की कीमत लगभग ₹59,900 रहने की उम्मीद है. अब देखना होगा कि 4 मार्च के इवेंट में ऐपल किन नए सरप्राइज का खुलासा करता है.





