Last Updated:
Coconut Water Benefits: गर्मियों में नारियल पानी को बेहद फायदेमंद माना जाता है. इसमें मौजूद पोटेशियम, मैग्नीशियम और कैल्शियम जैसे इलेक्ट्रोलाइट्स शरीर को प्राकृतिक रूप से हाइड्रेट करते हैं और थकान दूर करते हैं. डाइटिशियन रंजना सिंह की मानें तो पाचन सुधारने, किडनी की सेहत दुरुस्त रखने और त्वचा में निखार लाने के लिए नारियल पानी रामबाण है.
गर्मियों में नारियल पानी हाइड्रेशन को बेहतर बनाने में बेहद लाभकारी है.
Nariyal Pani Health Benefits: गर्मी में नारियल पानी की डिमांड बढ़ जाती है और अधिकतर लोग सड़क किनारे बेचे जा रहे कोकोनट वॉटर का लुत्फ उठाना पसंद करते हैं. नारियल पानी का स्वाद अच्छा होता है और उसे हाइड्रेशन के लिए लाभकारी माना जाता है. जब चिलचिलाती धूप और पसीने के कारण शरीर अपनी एनर्जी खोने लगता है, तब नारियल पानी एक नेचुरल स्पोर्ट्स ड्रिंक की तरह काम करता है. यह न केवल प्यास बुझाता है, बल्कि शरीर के अंदर इलेक्ट्रोलाइट्स के संतुलन को भी सुधारता है. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो नारियल पानी का सेवन करने से सेहत को कई फायदे मिल सकते हैं.
यूपी के गाजियाबाद स्थित रंजना न्यूट्रीग्लो क्लीनिक की फाउंडर और डाइटिशियन रंजना सिंह ने News18 को बताया कि नारियल पानी पोषक तत्वों का एक पावरहाउस है. इसमें मुख्य रूप से पोटेशियम, मैग्नीशियम, कैल्शियम और सोडियम जैसे कई जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स पाए जाते हैं. कोकोनट वॉटर में विटामिन C, बी-कॉम्प्लेक्स और साइटोकिनिन जैसे एंटी-एजिंग तत्व भी मौजूद होते हैं. खास बात यह है कि इसमें कैलोरी और फैट बहुत कम होता है, जिससे यह वजन घटाने वालों के लिए भी अच्छा विकल्प बन जाता है. इसमें मौजूद अमीनो एसिड और एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर की कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव तनाव से बचाते हैं.
डाइटिशियन ने बताया कि गर्मियों में लोगों को खूब पसीना आता है और इससे शरीर से जरूरी साल्ट बाहर निकल जाते हैं, जिससे डिहाइड्रेशन और कमजोरी महसूस होती है. नारियल पानी का इलेक्ट्रोलाइट कंपोजिशन सादा पानी की तुलना में शरीर को अधिक तेजी से हाइड्रेट करता है. यह मसल्स की ऐंठन को रोकता है और थकान को दूर कर तुरंत स्फूर्ति प्रदान करता है. गर्मी के मौसम में पाचन संबंधी समस्याएं जैसे एसिडिटी और पेट में जलन कॉमन है. नारियल पानी की तासीर ठंडी होती है और इसमें फाइबर कंटेंट ज्यादा होता है, जो पाचन को सुचारू बनाता है. यह पेट के पीएच स्तर को संतुलित कर एसिड रिफ्लक्स को कम करता है. नारियल पानी किडनी से टॉक्सिन्स को बाहर निकालने और किडनी स्टोन के जोखिम को कम करने में मदद करता है.
एक्सपर्ट की मानें तो हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों के लिए नारियल पानी बेहद फायदेमंद है. इसमें मौजूद पोटेशियम की उच्च मात्रा सोडियम के नेगेटिव असर को कम करती है और ब्लड वेसल्स को आराम देती है, जिससे बीपी कंट्रोल रहता है. इसके नियमित सेवन से शरीर में गुड कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है, जो हार्ट डिजीज का जोखिम कर सकता है. इसके अलावा नारियल पानी पीने से गर्मियों में होने वाला हेयर फॉल कम होता है और बाल मजबूत बनते हैं.
अब सवाल उठता है कि नारियल पानी पीने का सही समय और सबसे बेहतर तरीका क्या है? डाइटिशियन रंजना ने बताया कि नारियल पानी के मैक्सिमम फायदे के लिए इसे पीने का सबसे सही समय सुबह खाली पेट माना जाता है. इस समय यह मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करता है और इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाता है. लंच के बाद या वर्कआउट के तुरंत बाद भी इसका सेवन किया जा सकता है. ध्यान रखें कि नारियल को काटने के 10-15 मिनट के भीतर ही इसका पानी पी लेना चाहिए, क्योंकि हवा के संपर्क में आने से इसके पोषक तत्व कम होने लगते हैं. पैकेट बंद नारियल पानी अवॉइड करना चाहिए.
About the Author

अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें





