यहां जमीन नहीं, पानी पर तैरते हैं घर और बाजार, भारत की इस जगह को जरूर देखें


भारत में एक ऐसी जगह भी है, जहां सुबह की शुरुआत सड़कों के शोर से नहीं, बल्कि झील के शांत पानी और शिकारे की सवारी से होती है. यहां घरों से लेकर बाजार तक पानी के बीच बसे नजर आते हैं. चारों तरफ पहाड़, पानी पर तैरते शिकारे और खूबसूरत हाउसबोट इस जगह को किसी दूसरी दुनिया जैसा एहसास कराते हैं. हम बात कर रहे हैं जम्मू-कश्मीर की मशहूर डल झील की. श्रीनगर आने वाले पर्यटकों के लिए यह झील सिर्फ घूमने की जगह नहीं, बल्कि कश्मीर की संस्कृति और जीवनशैली को करीब से समझने का मौका भी है.

डल झील पर तैरते हैं खूबसूरत हाउसबोट

डल झील की सबसे खास बात यहां के हाउसबोट हैं. ये लकड़ी से बने खूबसूरत घरनुमा नावें होती हैं, जिनमें पर्यटक ठहर सकते हैं. इनके अंदर बेडरूम, ड्राइंग रूम, डाइनिंग एरिया और कई आधुनिक सुविधाएं मिलती हैं. इन हाउसबोट की दीवारों और छतों पर की गई कश्मीरी लकड़ी की नक्काशी देखने लायक होती है. यहां ठहरने का अनुभव किसी होटल से बिल्कुल अलग होता है. सुबह खिड़की खोलते ही सामने पानी और पहाड़ों का नजारा दिखाई देता है.

सुबह-सुबह लगता है पानी पर सब्जियों का बाजार

डल झील का फ्लोटिंग वेजिटेबल मार्केट यानी तैरता हुआ सब्जी बाजार यहां का सबसे अनोखा आकर्षण है. इस बाजार को देखने के लिए आपको सुबह जल्दी उठना होगा. सूरज निकलने से पहले ही स्थानीय किसान अपनी शिकारा नावों में ताजी सब्जियां लेकर पहुंच जाते हैं. यहां नावों पर ही सब्जियों की खरीद-बिक्री होती है. बाजार में टमाटर, खीरा, बैंगन, मूली और कमल ककड़ी जैसी कई चीजें देखने को मिलती हैं. इस नजारे को करीब से देखने के लिए सुबह शिकारा राइड बुक कर सकते हैं.

शिकारा की सवारी के बिना अधूरी है यात्रा

डल झील घूमने आएं और शिकारा की सवारी न करें, ऐसा हो ही नहीं सकता. रंग-बिरंगे शिकारे लकड़ी से बनी पारंपरिक नावें होती हैं, जिन्हें नाविक चप्पू से चलाते हैं. इन पर बैठकर आप झील के अलग-अलग हिस्सों, हाउसबोट और तैरती दुकानों को देख सकते हैं. यहां कुछ शिकारे फूल, कश्मीरी शॉल, केसर और स्थानीय हस्तशिल्प बेचने वाले छोटे बाजार की तरह भी नजर आते हैं. शाम के समय झील में पहाड़ों और आसपास की रोशनी का प्रतिबिंब बेहद खूबसूरत लगता है.

डल झील के आसपास भी हैं घूमने की कई जगहें

डल झील घूमने के साथ आप इसके आसपास स्थित मुगल गार्डन भी देख सकते हैं. इनमें निशात बाग और शालीमार बाग प्रमुख हैं. इन बागों में मुगलकालीन वास्तुकला, सीढ़ीदार लॉन और खूबसूरत फव्वारे देखने को मिलते हैं. इसके अलावा हजरतबल दरगाह भी झील के किनारे स्थित एक प्रमुख धार्मिक स्थल है. अगर आपके पास समय है तो शंकराचार्य मंदिर भी जा सकते हैं, जहां से श्रीनगर और डल झील का शानदार नजारा दिखाई देता है.

कब जाएं और कैसे पहुंचें?

डल झील घूमने के लिए अप्रैल से जून का समय अच्छा माना जाता है. इस दौरान मौसम सुहावना रहता है और शिकारा की सवारी का आनंद लिया जा सकता है. जुलाई-अगस्त में झील के तैरते बगीचों में कमल के फूल खिलते हैं. वहीं सर्दियों में यहां का नजारा बिल्कुल अलग हो जाता है. श्रीनगर एयरपोर्ट से डल झील करीब 17 किलोमीटर दूर है. यहां से टैक्सी लेकर आसानी से पहुंचा जा सकता है. श्रीनगर रेलवे स्टेशन से भी टैक्सी और अन्य स्थानीय साधन उपलब्ध हैं.



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img