पलामू: ठंड का मौसम है और शादी का सीजन भी चल रहा है. ऐसे में नवविवाहित जोड़े शादी के बाद हनीमून मनाने के लिए खूबसूरत डेस्टिनेशन की तलाश में रहते हैं. ज्यादातर लोग शिमला और मनाली जैसे हिल स्टेशनों पर जाने की तैयारी करते हैं, लेकिन अगर आप कम बजट में प्रकृति के बीच कुछ यादगार पल बिताना चाहते हैं, तो झारखंड में मौजूद खास जगह के बारें में बताने जा रहे है.
दरअसल, लातेहार जिले में केचकी संगम आपके लिए खास विकल्प हो सकता है. यहां घने जंगल, कल-कल बहती नदियां, पहाड़ और प्रकृति की खूबसूरती आपका मन मोह लेगी. सबसे खास बात यह है कि यहां एक ऐसा ठिकाना भी है, जहां रात के सन्नाटे में जंगली जानवरों की आवाजें सुनाई देती हैं, लेकिन सुरक्षा के लिए यहां पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
घने जंगल के बीच ठहरने का मिलेगा रोमांच
अगर आप अपने पार्टनर के साथ जंगल के बीच सुकून और रोमांच का अनुभव करना चाहते हैं, तो बेतला के बक्सा मोड़ स्थित ट्री हाउस और केचकी संगम का रुख कर सकते हैं. यहां घने जंगलों के बीच ठहरने की सुविधा उपलब्ध है. आसपास हरियाली, नदी का खूबसूरत नजारा और शांत वातावरण इस जगह को खास बनाता है. यहां ठहरने के लिए कमरे में AC समेत कई जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं. बिजली और खाने-पीने की भी व्यवस्था है. रात गहराने के साथ जंगल का माहौल और रोमांचक हो जाता है. दूर से जंगली जानवरों की आवाजें सुनाई देती हैं और ठंडी हवाओं के बीच जंगल में बिताई गई रात हमेशा यादगार बन सकती है. ठंड के मौसम में यहां रात को कंबल और गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ सकती है.
केचकी संगम पर मिलेगा नदी और गोवा बीच जैसा आनंद
यह पर्यटन स्थल पलामू टाइगर रिजर्व के केचकी संगम क्षेत्र में स्थित है. यहां कोयल और औरंगा नदी का संगम देखने को मिलता है. नदी का खूबसूरत नजारा, आसपास के जंगल और प्राकृतिक वातावरण पर्यटकों को आकर्षित करता है. यहां बैठने के लिए गजीबो बनाया गया है. वहीं, झूले की भी व्यवस्था है. पर्यटक अपने पार्टनर के साथ नदी किनारे बैठकर खूबसूरत लम्हों को कैमरे में कैद कर सकते हैं. खाने-पीने की सुविधा भी ऑर्डर के अनुसार उपलब्ध कराई जाती है. सुरक्षा के लिहाज से यहां ट्रैकर गार्ड तैनात रहते हैं और सीसीटीवी कैमरे से भी निगरानी की व्यवस्था है.
आसपास घूमने के लिए हैं कई खूबसूरत जगहें
यहां आने के बाद आपको केवल जंगल और नदी तक सीमित रहने की जरूरत नहीं है. आसपास घूमने के लिए कई पर्यटन स्थल मौजूद हैं. आप बेतला नेशनल पार्क में जंगल सफारी का आनंद ले सकते हैं. इसके अलावा चेरो राजवंश के इतिहास को समेटे पलामू किला, बरवाडीह पहाड़, कमलदह झील और मिर्चैया फॉल भी घूमने लायक जगहें हैं. इस तरह एक ही ट्रिप में आपको जंगल, पहाड़, झरने और इतिहास को करीब से जानने का मौका मिल सकता है.
10 हजार रुपये में 2 रात और 3 दिन का हनीमून ट्रिप
अगर आप कम बजट में हनीमून ट्रिप की योजना बना रहे हैं, तो 10 हजार रुपये में 2 रात और 3 दिन का प्लान तैयार कर सकते हैं. यहां कमरे का किराया लगभग 2,500 से 3,000 रुपये प्रति रात है. दो रात ठहरने पर 5,000 से 6,000 रुपये खर्च होंगे. वहीं, बेतला जंगल सफारी का एक बार का खर्च लगभग 2,400 रुपये है. इस तरह कमरे और सफारी पर कुल 7,400 से 8,400 रुपये खर्च होंगे. शेष 1,600 से 2,600 रुपये में खाने-पीने और स्थानीय घूमने का खर्च संभाला जा सकता है. कुल मिलाकर अगर आप इस सर्दी में शिमला-मनाली की भीड़ से दूर कुछ अलग अनुभव करना चाहते हैं, तो पलामू टाइगर रिजर्व का केचकी संगम और बेतला आपके हनीमून को यादगार बना सकते हैं.




