Last Updated:
Sambhar Lake Bollywood: सांभर झील अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और दूर तक फैले सफेद नमक के मैदानों के लिए खास पहचान रखती है. यह जगह बॉलीवुड फिल्मकारों को भी आकर्षित करती है. यहां अलग-अलग फिल्मों के लिए कभी एक्शन तो कभी रोमांटिक सीन फिल्माए जाते हैं.
राजस्थान की सांभर झील अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, दूर तक फैले सफेद नमक के मैदान और खुले भू-भाग के कारण फिल्म निर्माताओं की पसंदीदा जगह बन चुकी है. जयपुर के नजदीक स्थित यह झील बॉलीवुड फिल्मों से लेकर म्यूजिक एलबम और प्री-वेडिंग शूट तक के लिए आकर्षण का केंद्र है. यहां का शांत वातावरण और अलग-अलग तरह के प्राकृतिक लोकेशन फिल्म निर्माताओं को कम खर्च में शानदार दृश्य तैयार करने का मौका देते हैं.
सांभर झील की सबसे बड़ी खासियत यहां दूर-दूर तक फैला सफेद नमक का मैदान है. झील का बड़ा हिस्सा सूखा रहने के कारण यहां रेगिस्तान जैसे दृश्य आसानी से फिल्माए जा सकते हैं. खुले मैदान में न तो बड़ी इमारतों की बाधा होती है और न ही भीड़भाड़ का सामना करना पड़ता है. यही वजह है कि फिल्म निर्माता यहां युद्ध, घुड़सवारी, सैनिकों की टुकड़ियों और एक्शन से जुड़े बड़े दृश्य फिल्माना पसंद करते हैं. नमक की सफेद चादर कैमरे में अलग ही खूबसूरती बिखेरती है.
सांभर झील के आसपास कई ऐसे स्थान हैं, जो फिल्मों की शूटिंग के लिए खास पहचान रखते हैं. शाकम्भरी माता मंदिर के नजदीक खुले मैदान में जोधा अकबर, द्रोणा और वीर जैसी फिल्मों के एक्शन और युद्ध से जुड़े दृश्य फिल्माए जा चुके हैं. वहीं देवयानी मंदिर के आसपास भी फिल्म रामलीला के कुछ दृश्य शूट किए गए थे. इन स्थानों की ऐतिहासिक और प्राकृतिक पृष्ठभूमि फिल्मों के दृश्यों को भव्य बनाने में अहम भूमिका निभाती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
सांभर झील बॉलीवुड की कई चर्चित फिल्मों का हिस्सा रह चुकी है. यहां जोधा अकबर, वीर, द्रोणा, रामलीला, पीके और दिल्ली-6 जैसी फिल्मों की शूटिंग हुई है. आमिर खान की फिल्म पीके का चर्चित पोस्टर दृश्य भी सांभर झील के झपोक रेलवे ट्रैक पर फिल्माया गया था. इसके अलावा संजय दत्त अभिनीत फिल्म शेर की शूटिंग भी यहां हुई थी. इन फिल्मों के जरिए सांभर झील की खूबसूरती देशभर के दर्शकों तक पहुंची और इसकी पहचान फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में मजबूत हुई.
सांभर झील केवल बॉलीवुड फिल्मों तक सीमित नहीं है, बल्कि म्यूजिक वीडियो और एलबम शूटिंग के लिए भी पसंद की जा रही है. इन दिनों पंजाबी गायक काका अपने लिखे गाने हिजाब-ए-हया की शूटिंग के लिए यहां पहुंचे हैं. झील का सफेद मैदान, दूर तक फैला खुला आसमान और प्राकृतिक नजारे म्यूजिक वीडियो को आकर्षक दृश्य देते हैं. यही वजह है कि पंजाबी गानों के साथ-साथ स्थानीय कलाकार भी अपने एलबम और वीडियो शूट के लिए सांभर झील को प्राथमिकता देते हैं.
सांभर झील अब केवल फिल्म निर्माताओं ही नहीं, बल्कि आम लोगों के बीच भी प्री-वेडिंग शूट के लिए लोकप्रिय हो रही है. जयपुर, अजमेर, नागौर, सीकर, पुष्कर और आसपास के कई क्षेत्रों से युवा जोड़े यहां फोटो और वीडियो शूट करवाने पहुंचते हैं. सफेद नमक की जमीन, प्राकृतिक रोशनी और खुले वातावरण के कारण यहां अलग-अलग अंदाज में तस्वीरें ली जा सकती हैं. बिना ज्यादा सजावट के भी यहां की लोकेशन तस्वीरों को खास और आकर्षक बना देती है.
सांभर झील केवल फिल्मी शूटिंग के लिए ही नहीं, बल्कि अपने नमक उत्पादन और धार्मिक महत्व के लिए भी प्रसिद्ध है. यह देश की सबसे बड़ी अंतर्देशीय खारे पानी की झील है और इसके आसपास करीब 35 गांव बसे हुए हैं. झील में तीन नदियों का पानी आकर मिलता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार शाकम्भरी माता ने यहां की बहुमूल्य संपदा को नमक में परिवर्तित कर दिया था. इसी मान्यता से जुड़ा शाकम्भरी माता मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है.




