गूगल ने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए हाल ही में एक नया फीचर शुरू किया है, जो iPhone के AirDrop जैसे शेयरिंग एक्सपीरिएंस को एंड्रॉयड फोन पर लाने की कोशिश करता है. कंपनी ने Tap to Share फीचर पेश किया है, जिसकी मदद से दो सपोर्टेड एंड्रॉयड फोन को आपस में पास लाकर फोटो, कॉन्टैक्ट, लोकेशन लिंक और दूसरी फाइलें शेयर की जा सकती हैं.
फिलहाल ये फीचर चुनिंदा पिक्सल और सैमसंग डिवाइस पर उपलब्ध कराया जा रहा है. गूगल के मुताबिक, आने वाले समय में इसे और ज्यादा एंड्रॉयड स्मार्टफोन तक पहुंचाया जाएगा.
किन फोन में मिलेगा Tap to Share?
Tap to Share को फिलहाल Pixel 6 और इसके बाद के Pixel मॉडल के लिए रोलआउट किया जा रहा है. इसके लिए फोन में एंड्रॉयड 17 होना जरूरी है. इसके अलावा सैमसंग के नए गैलेक्सी Z फोल्ड 8 डिवाइस भी इस फीचर को सपोर्ट करते हैं.
यह फीचर शेयर कार्ड के जरिए काम करता है, जिसे फोटो, कॉन्टैक्ट और कुछ दूसरे कंटेंट को शेयर करते समय देखा जा सकता है. हालांकि, Pixel के वर्क प्रोफाइल में इस्तेमाल होने वाले ऐप्स के साथ Tap to Share फिलहाल काम नहीं करता.
कैसे काम करेगा Tap to Share?
इस फीचर को इस्तेमाल करना काफी आसान है. दोनों एंड्रॉयड फोन अनलॉक होने चाहिए और उन्हें एक-दूसरे के काफी पास लाना होगा.
फोन के बीच NFC कनेक्शन एक्टिव होते ही शेयरिंग का ऑप्शन सामने आएगा. डिवाइस की स्क्रीन पर एक विजुअल हिंट भी दिखाई देगा, जिससे पता चलेगा कि Tap to Share एक्टिव हो गया है.
इसके बाद यूजर फोटो, कॉन्टैक्ट, लोकेशन लिंक या मीडिया फाइल जैसी चीजें दूसरे फोन पर शेयर कर सकता है. शेयरिंग खत्म करने के लिए दोनों फोन को एक-दूसरे से दूर करना होगा. इससे NFC कनेक्शन हट जाएगा और शेयरिंग बंद हो जाएगी.
फीचर को ऐसे कर सकते हैं बंद
गूगल ने Tap to Share को डिफॉल्ट रूप से ऑन रखा है. अगर कोई यूजर इस फीचर का इस्तेमाल नहीं करना चाहता, तो इसे बंद भी किया जा सकता है.
इसके लिए फोन में Settings > गूगल > Quick Share > Tap to Share पर जाकर फीचर को ऑफ करना होगा.
जल्द ज्यादा एंड्रॉयड फोन में मिलेगा फीचर
अभी गूगल ने Tap to Share को सीमित डिवाइस तक रखा है, लेकिन कंपनी की योजना इसे ज्यादा एंड्रॉयड स्मार्टफोन तक पहुंचाने की है. गूगल के मुताबिक, इस साल के आखिर तक ये फीचर दूसरे एंड्रॉयड डिवाइसों के लिए भी उपलब्ध कराया जा सकता है.
यानी आने वाले समय में एंड्रॉयड यूजर्स के लिए फोन से फोन कंटेंट शेयर करना और आसान हो सकता है. खासकर फोटो या कॉन्टैक्ट जैसी छोटी चीजें भेजने के लिए बार-बार शेयरिंग मेन्यू में जाने की जरूरत कम हो जाएगी.




