Last Updated:
मानसून खत्म होने के बाद वाल्मीकि टाइगर रिजर्व को पर्यटकों के लिए खोलने की तैयारी तेज है. इस बार पर्यटकों को मदनपुर रेंज में भी जंगल सफारी का लुफ्त लेने का मौका मिलेगा. वन विभाग ने गेटवे ऑफ VTR का निर्माण पूरा कर लिया है. मदनपुर रेंज के लिए तीन जिप्सी गाड़ियां उपलब्ध कराई गई हैं.
आशीष कुमार/पश्चिम चम्पारण: लंबे समय से वाल्मीकि टाइगर रिजर्व जाने का इंतजार कर रहे पर्यटकों के लिए खुशखबरी है. मानसून खत्म होने के बाद सूबे का इकलौता टाइगर रिज़र्व ‘वाल्मिकी’ एक बार फिर पर्यटकों के लिए खुलने को तैयार है. वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के डिविजन 02 के अंतर्गत आने वाले एक अन्य रेंज में भी बहुत जल्द सफारी की शुरुवात होने वाली है. वर्तमान में टाइगर रिज़र्व के मंगुराहा, गोवर्धना और वाल्मीकि नगर जैसे रेंजों में सफारी की सुविधा उपलब्ध है. अब बहुत जल्द पर्यटक मदनपुर रेंज में भी सफारी का आनंद ले सकेंगे. इसकी तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं.
मदनपुर में रेंज जल्द शुरू होगा सफारी का सिलसिला
बगहा 02 प्रखंड के अंतर्गत आने वाले मदनपुर वन क्षेत्र में अब जंगल सफारी की शुरुआत की जा रही है. वन विभाग ने इस पहल के तहत मदनपुर रेंज में ‘गेटवे ऑफ वीटीआर (VTR)’ का निर्माण कार्य पूरा कर लिया है. अब नए पर्यटन सत्र से पर्यटक इस नए रूट से जंगल और वन्य जीवों का दीदार कर सकेंगे. मिली जानकारी के अनुसार, मदनपुर रेंज में लगभग 15 किलोमीटर लंबे सफारी रूट पर पर्यटकों को प्राकृतिक सुंदरता के साथ कई प्रमुख स्थल देखने का मौका मिलेगा.
उपलब्ध कराई गई तीन जिप्सियां
गेटवे ऑफ वीटीआर (VTR) से शुरू होकर यह सफारी प्रसिद्ध मदनपुर देवी स्थान तक जाएगी. इसके बाद पर्यटकों को दिल्ली कैंप और फिर गिद्ध संरक्षण केंद्र का भ्रमण कराया जाएगा. वर्तमान में इस रेंज के लिए तीन जिप्सी गाड़ियां उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें बैठकर पर्यटक सफारी का मजा ले सकेंगे. फिलहाल मदनपुर रेंज के लिए सफारी शुल्क का निर्धारण नहीं हुआ है, लेकिन जल्द ही शुल्क को तय कर दिया जाएगा.
यदि आप भी प्रकृति प्रेमी हैं और टाइगर रिजर्व में जाकर अनोखी प्रकृति और जंगल के जीवन को गहराई से देखना चाहते हैं तो वाल्मीकि टाइगर रिजर्व का टूर बना सकते हैं. परिवार के साथ इन जगहों पर आप घूमने पहुंचते हैं तो एक अलग तागजी का एहसास होगा. आप जितना घने जंगल में जाएंगे उतनी ही स्वच्छ और ताजी हवा मिलेगी. इसके साथ ही आपको चारों तरफ हरियाली ही हरियाली नजर आएगी. यह दृश्य बच्चों के लिए बहुत रोचक होगा और आपके साथ ही घर के बड़े बुजुर्ग भी गहरे जंगलों में अंदर तक जाकर प्रकृित को एकदम करीब से महसूस करेंगे.
About the Author

जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…




