Last Updated:
Nevada California Border Forest Fire: जंगल की आग का तांडव इस वक्त नेवाडा-कैलिफोर्निया बॉर्डर के पास देखा जा रहा है. इसकी वजह से अब तक 6 लोग जख्मी हुए हैं, जबकि 42 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का आदेश दिया गया है. आग अब तक 13 हजार एकड़ यानि 53 वर्ग किलोमीटर के इलाके को अपनी चपेट में ले चुकी है.
नेवाडा-कैलिफोर्निया बॉर्डर के पास लगी जंगलों में आग.
Nevada California Border Forest Fire: अमेरिका के नेवाडा-कैलिफोर्निया बॉर्डर के पास जंगल की आग ने गंभीर रूप ले लिया है. उत्तर-पश्चिमी नेवाडा के रेनो शहर की ओर तेजी से बढ़ रही हॉक फायर की वजह से कम से कम 6 लोग घायल हुए हैं. हालात को देखते हुए अधिकारियों ने करीब 42 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने का आदेश दिया है. ये आग शनिवार को शुरू हुई थी और रविवार तक तेजी से फैलती गई. अग्निशमन अधिकारियों के मुताबिक आग अब तक 13 हजार एकड़ यानी करीब 53 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को अपनी चपेट में ले चुकी है. फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है.
अधिकारियों के मुताबिक आग की चपेट में आने से घायल हुए 6 लोगों में 3 आम नागरिक और 3 आपातकालीन सेवा कर्मी शामिल हैं. इसके अलावा कई इमारतों और दूसरे ढांचों के नष्ट होने की भी पुष्टि हुई है. हालात कितने गंभीर हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि करीब 45 हजार लोग ऐसे इलाकों में रह रहे हैं, जहां कभी भी उन्हें घर खाली करने का आदेश दिया जा सकता है. आग के कारण वाशो काउंटी में बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई. रविवार को करीब 10 हजार बिजली उपभोक्ता बिना बिजली के थे. रेनो इसी वाशो काउंटी का सबसे बड़ा और सबसे अधिक आबादी वाला शहर है.
तेज हवाओं ने मुश्किल किया काम
अधिकारियों का कहना है कि आग का व्यवहार बेहद खतरनाक और सामान्य से अलग है. इलाके में तेज हवाएं चल रही हैं, जिसके कारण आग सूखी घास और आसानी से जलने वाली वनस्पतियों में तेजी से फैल रही है. स्थिति को देखते हुए नेवाडा के गवर्नर जो लोम्बार्डो ने शनिवार रात वाशो काउंटी में आपातकाल घोषित कर दिया. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और आग से प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहें. गवर्नर ने रविवार को भी लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि स्थिति लगातार बदल रही है. उन्होंने प्रभावित इलाकों के लोगों से अपील की कि वे लगातार अधिकारियों से मिलने वाली नई जानकारी पर नजर रखें.
कैलिफोर्निया में भड़की थी आग
अमेरिका के इस इलाके में जंगल की आग का खतरा लगातार बना हुआ है. इससे पहले जुलाई में दक्षिणी कैलिफोर्निया में समिट फायर तेजी से फैलकर करीब 2,700 एकड़ क्षेत्र में पहुंच गई थी. भीषण गर्मी के बीच उस आग के कारण भी लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा था. फिलहाल रेनो के आसपास हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं और राहत एवं बचाव दल आग को फैलने से रोकने की कोशिश में जुटे हैं.
About the Author
News18 में इंटरनेशनल डेस्क पर कार्यरत हैं. टीवी पत्रकारिता का भी अनुभव है और इससे पहले Zee Media Ltd. में कार्य किया. डिजिटल वीडियो प्रोडक्शन की जानकारी है. टीवी पत्रकारिता के दौरान कला-साहित्य के साथ-साथ अंतरर…
और पढ़ें




