Guitarist Pritesh Walia News: भारतीय जैज गिटारिस्ट और संगीतकार प्रितेश वालिया को अमेरिका की इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (ICE) ने 14 दिनों तक हिरासत में रखने के बाद बॉन्ड पर रिहा कर दिया है. नई दिल्ली में जन्मे वालिया को 2 अगस्त को लॉस एंजिल्स एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया था, जिसके बाद उन्हें कैलिफोर्निया स्थित एडेलांटो ICE प्रोसेसिंग सेंटर ले जाया गया था. वालिया का इमिग्रेशन मामला अभी जारी है. रिहाई के बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर अपने परिवार, दोस्तों और जैज समुदाय का समर्थन के लिए आभार जताया.
वालिया ने कहा कि हिरासत में बिताए पिछले 14 दिन उनकी जिंदगी के सबसे मुश्किल दिन रहे. उन्होंने बताया कि अपने प्रियजनों से अलग होने और आगे क्या होगा, इसकी जानकारी न होने के कारण वह डरे हुए, निराश और पूरी तरह टूट चुके थे. भारतीय गिटारिस्ट ने कहा कि जब कोई व्यक्ति हिरासत केंद्र में होता है, तो दुनिया बहुत छोटी महसूस होने लगती है और उम्मीद खोना बेहद आसान हो जाता है. उन्होंने स्वीकार किया कि इस दौरान उन्होंने कई बार उम्मीद खो दी थी.
कौन हैं गिटारिस्ट प्रितेश वालिया
नई दिल्ली में जन्मे और पले-बढ़े वालिया ने 13 साल की उम्र में भारतीय शास्त्रीय संगीत की ट्रेनिंग शुरू की. वे उच्च शिक्षा संस्थानों में संगीत की पढ़ाई करने के लिए अमेरिका आए, जहां उन्होंने लॉस एंजिल्स में म्यूजिशियन इंस्टीट्यूट से एसोसिएट डिग्री, बर्कली कॉलेज ऑफ म्यूजिक से बैचलर डिग्री और न्यू इंग्लैंड कंज़र्वेटरी से मास्टर डिग्री हासिल की.
वालिया 2019 से अमेरिका में O1B वीज़ा पर रह रहे हैं, जो कलाकारों के लिए एक अस्थायी अमेरिकी वर्क वीज़ा है. यह शुरू में तीन साल के लिए दिया जाता है और इसे एक बार में एक साल करके अधिकतम तीन साल तक बढ़ाया जा सकता है. ICE के एक बयान के अनुसार, उन्हें 2025 तक देश छोड़ना था.
2023 में, वालिया को स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ा, जब उन्हें तेज़ चक्कर (vertigo), डिसोसिएशन, ऑसिलोप्सिया, धुंधली दृष्टि और संतुलन की समस्याओं से जूझना पड़ा. उन्हें पर्सिस्टेंट पोस्चरल परसेप्चुअल डिजीनेस (PPPD), इडियोपैथिक इंट्राक्रैनील हाइपरटेंशन (IIH) और क्रोनिक वेस्टिबुलर माइग्रेन होने का पता चला. इन स्थितियों के लिए उनके चल रहे इलाज में ज़ोरदार फिजिकल थेरेपी, कॉग्निटिव-बिहेवियरल थेरेपी और मेडिसिन का बैलेंसस कोर्स शामिल है.
31 जुलाई को, वालिया ने ‘जर्नी टू नोवेयर’ (Journey To Nowhere) नाम से एक नया एल्बम रिलीज़ किया, जिसमें हेनरी गॉडफ्रे जैज़ ऑर्केस्ट्रा के साथ-साथ खास मेहमान एरन पार्क्स, जेरी बर्गोंज़ी, गॉडविन लुइस और अन्य कलाकार शामिल हैं. हाल ही में ‘डाउनबीट’ (DownBeat) में छपे एक लेख में, लेखक बिल मिल्कोव्स्की ने 2024 के उस अहम दौर का ज़िक्र किया है जब वालिया ने कीबोर्डिस्ट शारिक हसन और ड्रमर एवरी लोगन के साथ ऑर्गन-ट्रियो एल्बम ‘PSA’ और ‘होपटाउन’ (Hopetown) रिलीज़ किए; ‘होपटाउन’ की इसके बेहतरीन गिटार वर्क और हार्मोनिक रूप से समृद्ध रचना के लिए तारीफ़ की गई है.




