बागरेकसा में कृषि महाविद्यालय, बेवा टोला बांध में सब कैनाल, सड़क निर्माण और स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग हुई तेज : (विष्णु लोधी)

डोंगरगढ़- विकासखंड अंतर्गत डोंगरगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बागरेकसा में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम के दौरान सचिव, जिला कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव (ग्रामीण) विष्णु लोधी ने किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं एवं ग्रामीणजनों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं मांगों को विस्तार से सुना। जन संवाद के दौरान किसानों ने कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ती जा रही है। खाद, बीज, डीजल एवं अन्य कृषि सामग्री की बढ़ती कीमतों से खेती घाटे का सौदा बनती जा रही है। किसानों ने सरकार से खाद की कीमतें कम करने, समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने, ₹3,286 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी सुनिश्चित करने तथा पिछले दो वर्षों में समर्थन मूल्य में बढ़ी हुई राशि का शीघ्र भुगतान करने की मांग प्रमुखता से उठाई। ग्रामीणों ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को समाप्त करने तथा बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि लगातार बढ़ते बिजली बिलों ने गरीब, किसान, मजदूर एवं मध्यमवर्गीय परिवारों की आर्थिक स्थिति को प्रभावित किया है।
विष्णु लोधी ने कहा कि जब प्रदेशभर से किसान और आम नागरिक स्मार्ट मीटर एवं बढ़े हुए बिजली बिलों की शिकायत कर रहे हैं, तब सरकार को जनता की आवाज़ सुननी चाहिए। जनहित के विरुद्ध किसी भी व्यवस्था की समीक्षा कर आम जनता को राहत देना सरकार का दायित्व है।
जन संवाद के दौरान ग्राम बागरेकसा के किसानों एवं ग्रामीणों ने क्षेत्र में कृषि शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बागरेकसा में कृषि महाविद्यालय की स्थापना की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि इससे क्षेत्र के युवाओं को कृषि शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और आधुनिक खेती को बढ़ावा मिलेगा। किसानों ने बेवा टोला बांध से सब-कैनाल (उप नहर) निर्माण की मांग करते हुए कहा कि इससे आसपास के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचेगा और बड़ी संख्या में किसानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि सिंचाई सुविधा का विस्तार क्षेत्र की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
ग्रामीणों ने बागरेकसा से बजरंगीडीही तक पक्की सड़क निर्माण की मांग भी रखी। उनका कहना था कि खराब सड़क के कारण आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि कार्यों में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही ग्रामीणों ने उप स्वास्थ्य केंद्र का उन्नयन कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाने की मांग उठाई, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें। वहीं नया टोला में आंगनबाड़ी केंद्र एवं डाकघर (पोस्ट ऑफिस) भवन निर्माण की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। सैट
विष्णु लोधी ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला हैं। यदि सरकार गांवों के समग्र विकास की बात करती है, तो इन जनहित की मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना चाहिए।
विष्णु लोधी ने कहा कि गांव-गांव से उठ रही समस्याएं इस बात का प्रमाण हैं कि किसान, मजदूर, युवा, महिलाएं और आम नागरिक आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। जन संवाद अभियान का उद्देश्य इन आवाज़ों को एकजुट कर शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाना और उनके समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से निरंतर संघर्ष करना है। वहीं जन संवाद में बदलाव की आवाज़ गांवों से उठ रही है, 2028–29 में छत्तीसगढ़ से दिल्ली तक कांग्रेस की सरकार बनाने किसान, मजदूर, युवा और महिला संकल्प लें रहें हैं ।विष्णु लोधी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों और आम जनता की न्यायोचित मांगों के साथ खड़ी रही है। जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को सड़क से सदन तक उठाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा। अंत में विष्णु लोधी ने ग्राम बागरेकसा के सभी ग्रामीणों का आत्मीय स्वागत एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जन संवाद अभियान विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक निरंतर जारी रहेगा और जनता की प्रत्येक न्यायोचित मांग को पूरी मजबूती के साथ उठाया जाएगा। इस दौरान प्रमुख रूप से रवि दखने, महेश कमर,विष्णु मांडवी, जागेश्वर उइके,रोहित गौड़ ,मेहताब, अरुण, राधेश्याम सेन ,गिरधारी पटेल, नमू गोंड, आदि बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Nemish Agrawal
Nemish Agrawalhttps://tv1indianews.in
Tv Journalist • Editor • Writer Digital Creator • Photographer Travel Vlogger • Web-App Developer IT Cell • Social Worker

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img