सोने और चांदी की कीमतों में सोमवार (13 जुलाई) को फिर गिरावट दर्ज की गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट 10 ग्राम सोने का भाव 1,079 रुपये घटकर 1.42 लाख रुपये पर आ गया है। वहीं, एक किलो चांदी 3,155 रुपये सस्ती होकर 2.17 लाख रुपये पर पहुंच गई है। पिछले एक महीने में दोनों की कीमतों में बड़ी नरमी देखने को मिली है, जिससे खरीदारों और निवेशकों की नजरें फिर सर्राफा बाजार पर टिक गई हैं।
14 जून को 10 ग्राम सोना 1.48 लाख रुपये और एक किलो चांदी 2.43 लाख रुपये पर थी। यानी एक महीने में सोने की कीमत करीब 5 हजार रुपये और चांदी की कीमत 25 हजार रुपये तक कम हो चुकी है। इस साल भी दोनों की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 31 दिसंबर 2025 को सोना 1.33 लाख रुपये था, जो 29 जनवरी को बढ़कर 1.76 लाख रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। इसके बाद अब तक सोना करीब 34 हजार रुपये सस्ता हो चुका है। वहीं, चांदी 31 दिसंबर 2025 को 2.30 लाख रुपये थी और 29 जनवरी को 3.86 लाख रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची थी। तब से अब तक 165 दिनों में चांदी करीब 1.69 लाख रुपये सस्ती हो चुकी है।




