ऐपल के नए आईफोन का इंतज़ार सभी को रहता है. हर कोई इसकी महंगी कीमत की वजह से खरीद तो नहीं पाता है, लेकिन हर साल इसके नए मॉडल को लेकर चर्चा बहुत रहती है. इस साल कंपनी नई आईफोन 18 सीरीज़ लाने की तैयारी कर रही है. हालांकि अभी ऐपल की iPhone 18 सीरीज की लॉन्चिंग में कई महीनें बाकी हैं, लेकिन इसकी कीमत और डिज़ाइन को लेकर चर्चा शुरू हो गई है.
हर साल ही नए आईफोन के दाम को लेकर हर तरफ बातें होती आई हैं और शायद इस बार चर्चा और भी तेज हो जाए, वजह हो सकती है पहले से कहीं ज्यादा कीमत. नई रिपोर्ट्स के मुताबिक iPhone 18 Pro Max पिछले मॉडल से काफी महंगा हो सकता है. हालांकि इसकी वजह ऐपल की तरफ से मनमानी नहीं, बल्कि बाहर की एक समस्या है.
मेमोरी चिप्स की बढ़ती कीमत
अब सवाल ये है कि कितना महंगा हो सकता है iPhone 18 Pro Max? रिसर्च कंपनी काउंटरपॉइंट के मुताबिक आईफोन 18 Pro Max के कंपोनेंट्स, खासकर DRAM और NAND मेमोरी, पिछले मॉडल से करीब 300 डॉलर (लगभग 28,600 रुपये) महंगे हो सकते हैं. अगर ये बढ़ोतरी हुई तो भारत में iPhone 18 Pro Max की संभावित कीमत काफी ज्यादा हो सकती है
iPhone 17 Pro Max की मौजूदा कीमत को देखा जाए तो आने वाले नए आईफोन 18 प्रो मैक्स के 256GB की कीमत करीब ₹1,78,500, 512GB की कीमत करीब ₹1,98,500, 1TB की कीमत करीब ₹2,18,500 और 2TB की कीमत करीब ₹2,58,500 हो सकती है. यानी टॉप वेरिएंट 2.5 लाख रुपये के पार जा सकता है.
हालांकि ऐसा अभी सिर्फ अनुमान लगाया जा रहा है. असली कीमत ऐपल तय करेगी, जिसमें अपना मुनाफा, टैक्स और दूसरे खर्चे शामिल होंगे.
क्यों बढ़ रही है कीमत?
दुनिया भर में AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के इस्तेमाल बढ़ने से मेमोरी चिप्स की मांग बहुत तेजी से बढ़ गई है. इसी वजह से DRAM और NAND जैसी चिप्स की कीमतें आसमान छू रही हैं. ऐपल इन चिप्स का इस्तेमाल iPhone में करती है, इसलिए लागत बढ़ रही है.
जानकारी के लिए बता दें कि ये पहली बार नहीं है जब आईफोन के दाम बढ़े हैं. ऐपल ने हाल ही में भारत में कई प्रोडक्ट्स की कीमतें बढ़ाई हैं. iPad Air अब पहले से करीब 30 हजार रुपये महंगा हो गया है. MacBook Air भी पहले ₹1.2 लाख के आसपास था, अब ₹1.5 लाख के करीब पहुंच गया है. अब देखना ये होगा कि लॉन्चिंग के समय नए आईफोन की कीमत कितनी होने वाली है.




