राफ्टिंग बंद, भीड़ कम…ऋषिकेश घूमने का यही सबसे सही वक्त, कर सकते हैं ये 3 चीज


Last Updated:

Rishikesh Monsoon Travel : ऋषिकेश हर मौसम में पर्यटकों को आकर्षित करता है, लेकिन मानसून में इसकी रंगत ही निराली है. जहां गर्मियों में यहां हर जगह पर्यटकों की भीड़ रहती है, जुलाई के महीने में ऋषिकेश अपेक्षाकृत शांत हो जाता है. भीड़ कम होने से गंगा के घाट, लक्ष्मण झूला, राम झूला और आसपास की खूबसूरत जगहों को बिना किसी जल्दबाजी के आराम से देखा जा सकता है. लोकल 18 से ऋषिकेश निवासी अंकित बताते हैं कि गर्मियों में कई बार पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है, लेकिन जुलाई में शहर कहीं ज्यादा शांत और सुकून भरा महसूस होता है. पर्यटक यहां कैंपिंग, बंजी जंपिंग और कई दूसरी एडवेंचर एक्टिविटीज का आनंद ले सकते हैं.

ऋषिकेश. उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में बसा ऋषिकेश हर मौसम में पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है, लेकिन मानसून के दौरान इस शहर का रंग बिल्कुल अलग नजर आता है. बारिश के बाद पहाड़ों पर छाई हरियाली, गंगा का बढ़ा हुआ जलस्तर, ठंडी हवाएं और बादलों से घिरा आसमान पूरे माहौल को बेहद खूबसूरत बना देते हैं. जहां गर्मियों में यहां हर जगह पर्यटकों की भीड़ रहती है, जुलाई के महीने में ऋषिकेश अपेक्षाकृत शांत हो जाता है. अगर आपका मकसद एडवेंचर से ज्यादा प्रकृति के बीच सुकून के पल बिताना, खूबसूरत नजारों का आनंद लेना और बिना भीड़ के शहर को करीब से महसूस करना है, तो मानसून का समय आपके लिए सबसे बेहतर साबित हो सकता है.

क्यों बंद कर दी जाती है रिवर राफ्टिंग

मानसून के दौरान सुरक्षा कारणों से ऋषिकेश में रिवर राफ्टिंग अस्थायी रूप से बंद रहती है. इसी वजह से यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या भी काफी कम हो जाती है. भीड़ कम होने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि गंगा के घाट, लक्ष्मण झूला, राम झूला और आसपास की खूबसूरत जगहों को बिना किसी जल्दबाजी के आराम से देखा जा सकता है. सुबह और शाम के समय गंगा किनारे बैठकर बहते पानी की आवाज सुनना और ठंडी हवा का आनंद लेना किसी भी यात्रा को यादगार बना देता है.

बारिश के बाद धुले हुए पेड़-पौधे, बादलों से ढकी पहाड़ियां और साफ वातावरण ऋषिकेश की खूबसूरती को कई गुना बढ़ा देते हैं. अगर आपको फोटोग्राफी पसंद है, तो यह मौसम शानदार तस्वीरें और वीडियो बनाने के लिए भी बेहतरीन माना जाता है. गंगा के किनारे बने कैफे में बैठकर बारिश के बीच चाय या कॉफी का आनंद लेना भी इस ट्रिप का खास हिस्सा बन सकता है. कम भीड़ होने की वजह से आपको अपनी पसंद की जगह आसानी से मिल जाती है और आप बिना किसी शोर-शराबे के समय बिता सकते हैं. लोकल 18 से ऋषिकेश निवासी अंकित बताते हैं कि जुलाई का महीना शहर घूमने के लिए सबसे अच्छा समय है. गर्मियों की तुलना में इस दौरान पर्यटकों की भीड़ काफी कम हो जाती है. गर्मियों में कई बार हालात ऐसे हो जाते हैं कि प्रमुख जगहों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है, लेकिन जुलाई में शहर कहीं ज्यादा शांत और सुकून भरा महसूस होता है.

होटल के किराये कम

अंकित के अनुसार, इस मौसम में होटल और गेस्ट हाउस के किराए भी पहले के मुकाबले कम हो जाते हैं, क्योंकि पीक टूरिस्ट सीजन लगभग खत्म हो चुका होता है. ऐसे में कम बजट में भी अच्छी जगह पर ठहरने का मौका मिल जाता है. यह उन लोगों के लिए अच्छी खबर है जो कम खर्च में शानदार ट्रिप प्लान करना चाहते हैं. राफ्टिंग भले ही सुरक्षा कारणों से बंद रहती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि ऋषिकेश में करने के लिए कुछ नहीं बचता. पर्यटक यहां कैंपिंग, बंजी जंपिंग और कई दूसरी एडवेंचर एक्टिविटीज का आनंद ले सकते हैं. मानसून के दौरान हरियाली के बीच कैंपिंग का अनुभव अलग और यादगार होता है. इसलिए अगर आप रोमांच और प्रकृति, दोनों का मजा लेना चाहते हैं, तो कैंपिंग जरूर ट्राई कर सकते हैं.

लेकिन सावधानियां जरूरी

हालांकि बारिश के मौसम में यात्रा करते समय कुछ सावधानियां रखना जरूरी है. सफर पर निकलने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें. रेनकोट, छाता और जरूरी दवाइयां अपने साथ रखें. फिसलन वाले रास्तों पर संभलकर चलें और भारी बारिश के दौरान पहाड़ी इलाकों में अनावश्यक यात्रा करने से बचें. स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना हमेशा सुरक्षित रहता है.

About the Author

Priyanshu Gupta

प्रियांशु गुप्‍ता बीते 10 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म का ककहरा सीख अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. य…और पढ़ें



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img