मंगलवार को हेल्थ चेकअप… शुक्रवार को रिपोर्ट! क्या डोनाल्ड ट्रंप सच में पूरी तरह फिट हैं ?
Donald Trump Health News: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपनी सेहत को लेकर चर्चा में हैं. व्हाइट हाउस की ओर से जारी मेडिकल रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ट्रंप पूरी तरह स्वस्थ हैं और राष्ट्रपति पद की सभी जिम्मेदारियां निभाने के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से सक्षम हैं. रिपोर्ट के मुताबिक उनके दिल, फेफड़े की स्थिति सामान्य और मजबूत है, हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें वजन कम करने, नियमित शारीरिक गतिविधि बढ़ाने और बेहतर जीवनशैली अपनाने की सलाह भी दी है. इसमें बताया गया है कि उनका वजन लगभग 108 किलोग्राम है, जो पिछले साल की तुलना में बढ़ा हुआ है. रिपोर्ट में उनके हाथों पर दिखने वाले नीले निशानों का कारण एस्पिरिन के सेवन और लगातार हाथ मिलाना बताया गया है, जबकि पैरों में हल्की सूजन का भी उल्लेख किया गया है. इसके अलावा AI आधारित ईसीजी में उनके दिल की उम्र वास्तविक उम्र से लगभग 14 साल कम बताई गई है, हालांकि इस दावे पर कई विशेषज्ञों ने सवाल उठाए हैं. रिपोर्ट जारी होने में हुई देरी और कुछ मेडिकल निष्कर्षों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं, जिससे यह मामला सिर्फ एक हेल्थ अपडेट न रहकर राजनीतिक बहस का विषय बन गया है.




