बसंतपुर, जिला राजनांदगांव। बसंतपुर थाना पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से कुल 18 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिया है।
इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई जा रही है।थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू और थाना स्टाफ की मौजूदगी में आज बरामद सभी फोन मालिकों को विधिवत लौटाए गए। फोन लौटने पर परिवारों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई आवेदकों ने बताया कि मोबाइल में उनके परिवार की यादें, महत्वपूर्ण दस्तावेज और संपर्क नंबर थे, जिनके वापस मिलने पर वे अत्यंत आभारी हैं।
इस कार्रवाई के पीछे राजनांदगांव के पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन का मार्गदर्शन रहा।
उल्लेखनीय रूप से इस अभियान में निरीक्षक एमन साहू, सीसीटीएनएस आरक्षक श्रवण पैकरा, आरक्षक फागूराम साहू, ललित रावटे, भुनेश्वर जायसी, चन्द्रशेखर श्रीवास, कुश बघेल व अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी के हाथ गुम मोबाइल लगे तो उसका उपयोग न करें और नज़दीकी थाना में उसे जमा कराएँ, ताकि मोबाइल उसके वास्तविक स्वामी तक पहुँचाया जा सके। पुलिस ने बताया कि गुम मोबाइलों की पतासाजी हेतु यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




