नींबू या दूध वाली चाय, गर्मियों में सेहत के लिए कौन है ज्यादा फायदेमंद


Last Updated:

भीषण गर्मी में लोग राहत के लिए लेमन टी और दूध वाली चाय का सहारा ले रहे हैं. डॉ. रितिका शर्मा के मुताबिक लेमन टी शरीर को हल्का, रिफ्रेश और हाइड्रेट महसूस कराती है, जबकि ज्यादा चाय पीने से डिहाइड्रेशन, गैस और एसिडिटी की समस्या बढ़ सकती है.

फरीदाबाद: फरीदाबाद में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है. तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच लोग अपने शरीर को ठंडा रखने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं. कोई ठंडे पेय पी रहा है तो कोई नींबू पानी का सहारा ले रहा है. ऐसे मौसम में चाय पीने वालों की आदत भी कम नहीं होती. कई लोग गर्मियों में दूध वाली चाय छोड़कर नींबू वाली चाय यानी लेमन टी या काली चाय पीना पसंद करते हैं. उनका मानना है कि नींबू वाली चाय शरीर को हल्का महसूस कराती है और गर्मी में राहत देती है. वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जिनकी दिन की शुरुआत और हर दो घंटे बाद की थकान चाय के बिना दूर नहीं होती. ऐसे में सवाल उठता है कि गर्मियों में कौन सी चाय ज्यादा बेहतर है… नींबू वाली या दूध वाली? और क्या ज्यादा चाय पीना शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है?

नींबू वाली चाय की खासियत

लोकल 18 से बातचीत में फरीदाबाद सर्वोदय हॉस्पिटल की सीनियर डाइटिशियन और न्यूट्रिशन कंसल्टेंट डॉक्टर रितिका शर्मा बताती हैं नींबू वाली चाय में विटामिन-सी होता है जो शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करता है. नींबू डालने से चाय थोड़ी रिफ्रेशिंग हो जाती है और इससे शरीर में सुस्ती कम महसूस होती है. कई लोगों को इससे मूड भी अच्छा महसूस होता है. अगर लेमन टी को ठंडा करके पिया जाए तो यह शरीर को ठंडक देने में भी मदद करती है.

कौन सी चाय ज्यादा हेल्दी है?

डॉ. रितिका बताती हैं कौन सी चाय ज्यादा हेल्दी है यह पूरी तरह व्यक्ति की सेहत पर निर्भर करता है. अगर किसी को गैस, एसिडिटी या पेट से जुड़ी परेशानी है तो उसे दूध वाली चाय सीमित मात्रा में पीनी चाहिए. वहीं सामान्य व्यक्ति सुबह-शाम एक या दो कप दूध वाली चाय पीता है तो उससे कोई खास नुकसान नहीं होता. नींबू वाली चाय हो या दूध वाली… दोनों ही सही मात्रा में पी जाएं तो नुकसानदायक नहीं हैं. लेकिन जरूरत से ज्यादा चाय पीना शरीर के लिए ठीक नहीं माना जाता.

डॉक्टर रितिका शर्मा बताती हैं नींबू वाली चाय पीने से मेटाबॉलिज्म बेहतर रहता है पाचन सुधारने में मदद मिलती है और शरीर में ताजगी महसूस होती है. गर्मियों में लोग इसे इसलिए भी पसंद करते हैं क्योंकि यह हल्की होती है और शरीर को भारी महसूस नहीं होने देती. वहीं दूध वाली चाय लंबे समय से लोगों की आदत का हिस्सा रही है इसलिए कई लोग इसे छोड़ नहीं पाते.

खाली पेट न पिएं चाय

डॉ. रितिका बताती हैं जो लोग हर दो घंटे में चाय पीते हैं उनमें डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है. खाली पेट चाय पीने से एसिडिटी और गैस बनने का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए हमेशा चाय के साथ हल्का नाश्ता या बिस्किट लेना चाहिए. चाय को बहुत ज्यादा कड़क बनाकर नहीं पीना चाहिए और हर चीज की तरह चाय भी सीमित मात्रा में ही पीनी चाहिए.

About the Author

Vivek Kumar

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img