भूलकर भी डॉग को न खिलाएं इंसानों की ये 7 चीजें, फेल हो सकती है किडनी और लिवर! मासूम नजरों पर न पिघलें


Toxic Human Foods For Dogs : हम जब भी डाइनिंग टेबल पर खाना खाने बैठते हैं, तो हमारा प्यारा कुत्ता (Dog) अपनी मासूम नजरों से हमें देखने लगता है. उसकी इसी क्यूटनेस पर पिघलकर कई बार हम अपने प्लेट से उठाकर उसे कुछ न कुछ खिला देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपका यह प्यार उसके लिए जानलेवा साबित हो सकता है? दरअसल, इंसानों और कुत्तों का डाइजेस्टिव सिस्टम (पाचन तंत्र) और मेटाबॉलिज्म बिल्कुल अलग होता है. इंसानों के भोजन में कुछ ऐसे तत्व होते हैं, जिन्हें पचाने के लिए कुत्तों के शरीर में जरूरी एंजाइम्स नहीं होते.

इस वजह से वे चीजें उनके शरीर में टॉक्सिंस (जहर) बन जाती हैं. टीओटी में वेटरनरी रिपोर्ट्स की मानें तो हर साल चॉकलेट खाने की वजह से सैकड़ों कुत्ते बीमार पड़ते हैं, वहीं शुगर-फ्री चीजों के चलन से ‘जायलिटॉल’ (Xylitol) पॉइजनिंग के मामले भी तेजी से बढ़े हैं.

आइए जानते हैं इंसानों के खान-पान की उन 7 चीजों के बारे में, जो आपके डॉग के दिल, लिवर और नर्वस सिस्टम को हमेशा के लिए खराब कर सकती हैं.

1. चॉकलेट (Chocolate)-
चॉकलेट में ‘थियोब्रोमाइन’ (Theobromine) और कैफीन जैसे तत्व होते हैं, जिन्हें कुत्ते बहुत धीमी गति से पचा पाते हैं. ये उनके नर्वस सिस्टम और दिल की धड़कन को खतरनाक स्तर तक बढ़ा देते हैं. ‘द जर्नल ऑफ स्मॉल एनिमल प्रैक्टिस’ की एक स्टडी के अनुसार, चॉकलेट खाने से कुत्तों में उल्टी, दस्त, कंपकंपी और गंभीर मामलों में डिहाइड्रेशन या दिल की अनियमित धड़कन (Arrhythmias) जैसी समस्याएं हो जाती हैं.

2. अंगूर और किशमिश (Grapes and Raisins)-
अंगूर या किशमिश का एक छोटा सा टुकड़ा भी आपके डॉग की किडनी को पूरी तरह फेल कर सकता है. ‘जर्नल ऑफ वेटरनरी इंटरनल मेडिसिन’ की एक रिसर्च में पाया गया कि अंगूर खाने वाले सभी कुत्तों की किडनी खराब हो गई और कुछ में चलने-फिरने में तालमेल न बैठना (Ataxia) जैसे लक्षण देखे गए. अक्सर लोग मिक्स ड्राई फ्रूट्स या किशमिश वाले केक अनजाने में उन्हें दे देते हैं, जो अचानक किडनी फेलियर का कारण बन जाता है.

3. प्याज और लहसुन (Onion and Garlic)-
चाहे कच्चा हो, पका हुआ या फिर पाउडर के रूप में प्याज और लहसुन जैसी चीजें कुत्तों की रेड ब्लड सेल्स (लाल रक्त कोशिकाओं) को नष्ट कर देती हैं. इससे उनके शरीर में खून की भारी कमी हो जाती है, जिसे ‘हेमोलिटिक एनीमिया’ (Haemolytic Anaemia) कहते हैं. ‘एनिमल्स’ जर्नल में छपी स्टडी के मुताबिक, इसे खाने के कुछ ही दिनों के भीतर उनके हीमोग्लोबिन का स्तर तेजी से गिरने लगता है.

4. जायलिटॉल वाली कैंडीज और टूथपेस्ट (Xylitol)-
जायलिटॉल एक आर्टिफिशियल स्वीटनर (शक्कर का विकल्प) है जो शुगर-फ्री कैंडीज, च्युइंग गम और टूथपेस्ट में पाया जाता है. कुत्तों के शरीर में जाते ही यह तेजी से इंसुलिन रिलीज करता है, जिससे उनका ब्लड शुगर लेवल अचानक बहुत कम (Hypoglycaemia) हो जाता है. ‘जर्नल ऑफ वेटरनरी इमरजेंसी एंड क्रिटिकल केयर सोसाइटी’ के अनुसार, यह लिवर को भी पूरी तरह डैमेज कर सकता है. इसके लक्षण 30 से 60 मिनट में दिखने लगते हैं.

5. नट्स-
मैकाडामिया नट्स (Macadamia Nuts) और कुछ अन्य ड्राई फ्रूट्स कुत्तों के लिए बेहद जहरीले होते हैं. एनिमल चैरिटी ‘ब्लू क्रॉस’ के अनुसार, इन्हें खाने से कुत्तों की नसों और मांसपेशियों पर बुरा असर पड़ता है और उनके शरीर का तापमान बहुत बढ़ जाता है.

6. कैफीन (Caffeine)-
चाय, कॉफी या एनर्जी ड्रिंक्स में मिलने वाला कैफीन कुत्तों के दिल और नर्वस सिस्टम को ओवर-स्टिमुलेट (अत्यधिक उत्तेजित) कर देता है. ‘एक्टा कार्डियोलॉजिका’ की एक स्टडी के अनुसार, कैफीन के कारण कुत्तों में दिल की गंभीर बीमारियां, दौरे और मस्कुलर ट्रिमर्स जैसी दिक्कतें देखी गई हैं.

7. अल्कोहल या शराब (Alcohol)-
कुत्तों का शरीर अल्कोहल (इथेनॉल) को बिल्कुल नहीं झेल पाता. शराब की कुछ बूंदें या अल्कोहल युक्त खाना भी उनके सेंट्रल नर्वस सिस्टम को धीमा कर देता है. ‘पबमेड’ (PubMed) में दर्ज मामलों के मुताबिक, अल्कोहल से कुत्ते भ्रमित (Disorientation) हो जाते हैं, उनके पैर लड़खड़ाने लगते हैं और वे कोमा में भी जा सकते हैं.

अगर डॉग इनमें से कुछ खा ले, तो तुरंत क्या करें? (First Aid & Treatment)-

  • अगर डॉग ने जहरीली चीज अभी हाल ही में खाई है, तो डॉक्टर उल्टी करवाकर या एक्टिवेटेड चारकोल देकर जहर को शरीर में फैलने से रोकते हैं.
  • अंगूर, किशमिश या चॉकलेट पॉइजनिंग के मामलों में किडनी को सुरक्षित रखने और डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए नस के जरिए फ्लूइड्स दिए जाते हैं.
  • जायरिटॉल खाने पर ब्लड शुगर को स्थिर रखने के लिए डेक्सट्रोज (Dextrose) की ड्रिप दी जाती है.
  • चॉकलेट या कैफीन के मामले में दिल की धड़कन को नियंत्रित करने की दवाएं दी जाती हैं.
  • वहीं प्याज-लहसुन से एनीमिया होने पर गंभीर मामलों में ब्लड ट्रांसफ्यूजन (खून चढ़ाने) की जरूरत भी पड़ सकती है.

बचाव ही सबसे बड़ा इलाज(Prevention Tips)
घर की सभी नुकसानदेह और जहरीली चीजों को ऐसी जगह अलमारी में बंद रखें जहाँ आपका डॉग न पहुँच सके. खाने की टेबल से उसे जूठन या बचा हुआ खाना देने की आदत बिल्कुल बंद करें. घर के बाकी सदस्यों और बच्चों को भी सख्त हिदायत दें कि वे डॉग को अपनी प्लेट से कुछ न खिलाएं.



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img