tourist place in lakhimpur kheri | Must Visit Places in Lakhimpur Kheri


Last Updated:

Must Visit Places in Lakhimpur Kheri: भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से राहत पाने के लिए अगर आप भी कोई ठंडी और सुकून भरी जगह तलाश रहे हैं, तो लखीमपुर खीरी का देवरी गांव आपके लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन बन सकता है. बेहजम ब्लॉक का यह गांव अब केवल खेती-किसानी तक सीमित नहीं है, बल्कि एक शानदार पिकनिक स्पॉट के रूप में मशहूर हो रहा है. यहां का अमृत सरोवर तालाब, नौका विहार और बीचों-बीच स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर लोगों को अपनी ओर खींच रहा है. जानिए क्यों यह गांव इन दिनों पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है.

Must Visit Places in Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी जिले में भीषण गर्मी का सितम जारी है. तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच लोग ऐसी जगहों की तलाश में रहते हैं जहां उन्हें सुकून और ठंडक का एहसास मिल सके. अगर आप भी अपने परिवार और बच्चों के साथ कुछ अच्छा समय बिताना चाहते हैं, तो बेहजम ब्लॉक का देवरी गांव आपके लिए किसी तोहफे से कम नहीं है. प्रशासन की निगरानी में तैयार हुआ यहां का पिकनिक स्पॉट आजकल चर्चा का विषय बना हुआ है.
देवरी गांव में स्थित अमृत सरोवर तालाब को प्रशासन ने एक बेहतरीन रूप दिया है. इसे सिर्फ जल संरक्षण के साधन के रूप में नहीं, बल्कि एक आकर्षक पिकनिक और बोटिंग स्पॉट के रूप में विकसित किया गया है. तालाब के बीचों-बीच भगवान लक्ष्मी नारायण का भव्य मंदिर स्थापित है. जो लोग यहां नौका विहार का आनंद लेने आते हैं, वे मंदिर में पूजा-अर्चना करना नहीं भूलते. मनरेगा के जरिए इस तालाब की सफाई और नवनिर्माण का कार्य काफी बारीकी से किया गया है.

सुविधाओं का रखा गया है खास ख्याल
इस जगह को और भी खास बनाने के लिए तालाब के चारों ओर पौधे रोपे गए हैं और मछलियां भी डाली गई हैं. लोगों के बैठने के लिए बेंच, बच्चों के लिए करीब छह झूले और घूमने के लिए भ्रमण मार्ग की सुविधा भी दी गई है. तालाब के किनारे लाइटिंग का भी इंतजाम किया गया है, ताकि शाम के समय यह जगह जगमगा उठे. वहीं, भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए यहां स्विमिंग पूल की व्यवस्था भी है, जहां बच्चे स्नान का आनंद लेते हैं.

आस्था और आधुनिकता का मिलन
लोकल 18 से बातचीत करते हुए प्रधान प्रतिनिधि जहेन्द्र सिंह ने बताया कि उनकी कोशिश यही थी कि गांव का नाम पूरे जनपद में रोशन हो. उन्होंने कहा कि तालाब के बीचों-बीच स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर आस्था का बड़ा केंद्र है और लोग यहां अपनी मनोकामनाएं लेकर आते हैं. यह गांव अब पूरी तरह हाईटेक हो चुका है, जहां सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे तक लगाए गए हैं. रोजाना सैकड़ों लोग यहां पहुंच रहे हैं और इस शांत व सुंदर वातावरण में अपना समय बिता रहे हैं. देवरी गांव का यह बदलाव न केवल स्थानीय लोगों के लिए गर्व की बात है, बल्कि बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए भी एक बेहतरीन अनुभव है.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img