Last Updated:
Alwar News: अलवर और खैरथल-तिजारा में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान शुरू हुआ है. यहाँ 14 से 15 साल की बालिकाओं को मुफ्त वैक्सीन लगाई जा रही है. सीएमएचओ डॉ. अरविंद गेट ने स्पष्ट किया है कि वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और बांझपन जैसी बातें केवल अफवाह हैं. ब्रेस्ट कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के लिए दूसरा सबसे बड़ा खतरा है, जिससे बचने के लिए समय पर टीकाकरण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना अनिवार्य है.
Alwar News: महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाने के लिए राजस्थान के अलवर और खैरथल-तिजारा जिलों में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान युद्ध स्तर पर शुरू किया गया है. स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य बालिकाओं को समय पर वैक्सीन लगाकर भविष्य में होने वाले कैंसर के जोखिम को शून्य करना है. अलवर जिले में 25 हजार और खैरथल-तिजारा में 11 हजार बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है. खैरथल-तिजारा में अब तक 3500 बालिकाओं को यह सुरक्षा कवच दिया जा चुका है.
खैरथल-तिजारा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अरविंद गेट ने बताया कि सरकार ने फिलहाल 14 वर्ष से 15 वर्ष 3 माह तक की बालिकाओं के लिए निःशुल्क टीकाकरण का मानदंड तय किया है. हालांकि, चिकित्सकीय आधार पर यह वैक्सीन 9 वर्ष की आयु के बाद कभी भी ली जा सकती है. डॉक्टर के अनुसार, विवाह से पहले यह वैक्सीन सबसे अधिक प्रभावी साबित होती है. जो महिलाएं शादीशुदा हैं, वे भी 35 से 40 वर्ष की आयु तक यह टीका लगवा सकती हैं, लेकिन कम उम्र में इसका प्रभाव सबसे बेहतर रहता है.
भ्रांतियों पर लगाम: बांझपन की खबरें महज अफवाह
वैक्सीन को लेकर समाज में फैल रही भ्रांतियों पर डॉ. अरविंद गेट ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है. उन्होंने उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया जिनमें कहा जा रहा है कि इस टीके से बांझपन या प्रजनन क्षमता पर असर पड़ता है. डॉ. गेट ने कहा, “यह टीका वर्षों से निजी अस्पतालों में 4 से 5 हजार रुपये में लग रहा था, जिसे अब सरकार मुफ्त उपलब्ध करा रही है. अभिभावक किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और अपनी बेटियों का सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करें.”
कैंसर से बचाव का एकमात्र प्रभावी तरीका
महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर सबसे तेजी से फैलने वाली बीमारी है. इसका मुख्य कारण ‘ह्यूमन पैपिलोमा वायरस’ है. यदि समय पर वैक्सीन न ली जाए, तो भविष्य में कीमोथेरेपी और जटिल ऑपरेशनों का सामना करना पड़ सकता है. विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि कैंसर से बचने के लिए सक्रिय जीवनशैली भी जरूरी है. अमेरिकन कैंसर सोसायटी के अनुसार, महिलाओं को सप्ताह में कम से कम 150 से 180 मिनट शारीरिक व्यायाम करना चाहिए और संतुलित आहार लेना चाहिए ताकि मोटापा और अन्य बीमारियों से बचा जा सके.
About the Author
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with News18 Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…और पढ़ें





