Donald Trump on US Passport: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कुछ भी कर सकते हैं. उनके मन में जो आता है, वो करते हैं. ऐसा लग रहा है कि वह अमेरिका के राष्ट्रपति बनना चाहते हैं. पहले यह खबर थी कि अमेरिकी करेंसी पर उनका सिग्नेचर होगा. अब कहा जा रहा है कि डोनाल्ड ट्रंप अमेरिकी पासपोर्ट पर अपनी तस्वीर लगवाएंगे. जी हां, अमेरिकी अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर जल्द ही अमेरिकी पासपोर्ट पर दिखाई देगी. हालांकि, यह अमेरिकी पार्सपोर्ट के लिमिटेड एडिशन पर ट्रंप की फोटो होगी. दरअसल, ट्रंप जिस तरह से सरकारी संस्थानों पर अपनी निजी छाप जोर शोर से छोड़ रहे हैं. यह उसी क्रम में एक और परंपरा को तोड़ने वाला कदम है.
यह खास पासपोर्ट अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के मौके पर जारी किया जाएगा. अमेरिकी स्टेट डिपार्टमेंट ने फॉक्स न्यूज और द बुलवर्क की रिपोर्ट के बाद इसकी आधिकारिक पुष्टि की. यह सीमित संख्या में बनेगा, यानी सिर्फ कुछ लोग ही इसे पा सकेंगे.
पासपोर्ट पर तो तस्वीरें होंगी
पासपोर्ट के अंदर दो खास तस्वीरें होंगी. पहली तस्वीर में ट्रंप की आधिकारिक फोटो अमेरिकी स्वतंत्रता घोषणा-पत्र के ऊपर लगाई गई है. उसके नीचे ट्रंप का सोने के रंग का हस्ताक्षर भी होगा. दूसरी तस्वीर अमेरिका के संस्थापकों की प्रसिद्ध ऐतिहासिक पेंटिंग की होगी.
कब आएगा ट्रंप की फोटो वाला पासपोर्ट
स्टेट डिपार्टमेंट के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने एक्स पर लिखा, ‘जुलाई में अमेरिका अपनी 250वीं वर्षगांठ मना रहा है. इसी मौके को यादगार बनाने के लिए स्टेट डिपार्टमेंट कुछ खास डिजाइन वाले पासपोर्ट जारी करने जा रहा है.’
एक अन्य अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यह ट्रंप-थीम वाला पासपोर्ट सिर्फ वाशिंगटन में उपलब्ध होगा. जब तक स्टॉक है, तब तक मिलेगा. इसमें कोई अतिरिक्त खर्च नहीं लगेगा. हालांकि यह अभी साफ नहीं है कि पासपोर्ट बनवाने वाले लोग इस खास संस्करण को मना कर सकते हैं या नहीं.
क्यों असामान्य है यह घटना
दुनिया के ज्यादातर देशों में पासपोर्ट में मौजूदा नेता की तस्वीर लगाना बहुत असामान्य है. अधिकांश देश इतिहास, प्रकृति या सांस्कृतिक छवियों का इस्तेमाल करते हैं. मौजूदा अमेरिकी पासपोर्ट में भी चंद्रमा पर उतरना, स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी जैसी ऐतिहासिक जगहें और घटनाएं दिखाई जाती हैं.
नोट पर भी होगा ट्रंप का सिग्नेचर
पिछले साल दोबारा सत्ता में लौटने के बाद से डोनाल्ड ट्रंप ने सरकारी संस्थानों पर अपने नाम और तस्वीर का इस्तेमाल अभूतपूर्व तरीके से किया है. राजधानी में कई सरकारी भवनों पर उनके बैनर लगाए गए हैं। केनेडी सेंटर और भंग किए जा चुके यूएस इंस्टीट्यूट ऑफ पीस पर भी उनका नाम जोड़ा गया है.
पिछले महीने अमेरिकी वित्त विभाग ने घोषणा की थी कि डोनाल्ड ट्रंप का हस्ताक्षर जल्द ही अमेरिकी डॉलर नोट पर भी छपेगा. यह भी पहली बार हो रहा है. तुलना करें तो ब्रिटेन और कुछ कॉमनवेल्थ देशों की मुद्रा पर किंग चार्ल्स III की तस्वीर होती है, लेकिन वे राजा हैं और राजनीति में सीधे हस्तक्षेप नहीं करते. मंगलवार को किंग चार्ल्स ने वाशिंगटन में ट्रंप से मुलाकात भी की.





