समर वेकेशन में ‘स्लो ट्रेवल’ क्यों बन रहा है पहली पसंद? जानें इसके शानदार फायदे, सुकून के साथ बचाएं अपने पैसे भी


Slow Travel Benefits : गर्मियों की छुट्टियां यानी सूटकेस पैकिंग, सुबह की जल्दबाजी और एक स्पॉट से दूसरे स्पॉट तक पहुंचने के लिए भागदौर. क्या आपने कभी महसूस किया है कि ऑफिस या घर की भागदौड़ से बचने के लिए आप जिस वेकेशन पर गए थे, वह खुद एक ‘टास्क’ बन गया है? हम अक्सर 5 दिनों में 10 जगहें देखने के चक्कर में उस सुकून को ही पीछे छोड़ देते हैं, जिसकी तलाश में हमने सफर शुरू किया था.

यही वजह है कि लोग अब ‘सब कुछ देख लेने’ की होड़ से बाहर निकलकर ठहरने और महसूस करने पर यकीन कर रहे हैं. घूमने के इस नए नजरिए को नाम दिया गया है ‘स्लो ट्रैवल’ (Slow Travel). यह सिर्फ घूमने का तरीका नहीं, बल्कि खुद को रिचार्ज करने की एक थेरेपी की तरह भी है. तो आइए जानते हैं कि इस समर वेकेशन में ‘स्लो ट्रेवल’ क्यों आपकी पहली पसंद होना चाहिए.

तो चलिए जानते हैं स्‍लो ट्रैवल के फायदे-

भागंभाग नहीं, अनुभवों का संसार
अक्सर हम यात्रा पर निकलते हैं तो हमारे हाथ में एक लंबी लिस्ट होती है, यह मंदिर देखना है, उस म्यूजियम जाना है या उस मशहूर कैफे की फोटो लेनी है. इस चक्कर में हम उस जगह की असली खूबसूरती को फील ही नहीं कर पाते. स्लो ट्रेवल हमें सिखाता है कि ‘ज्यादा देखने’ से बेहतर है ‘बेहतर देखना’.

जब आप किसी एक शहर या गांव में 3-4 दिन रुकते हैं, तो आप वहां के केवल टूरिस्ट स्पॉट नहीं देखते, बल्कि वहां की गलियों, खुशबुओं और शोर से भी वाकिफ हो जाते हैं. आप वहां के पार्क में बैठकर स्थानीय बुजुर्गों की कहानियां सुन सकते हैं या किसी नुक्कड़ की दुकान पर चाय का असली स्वाद ले सकते हैं.

मानसिक शांति जरूरी
आज की डिजिटल दुनिया में हमारा दिमाग हमेशा एक्टिव रहता है. स्लो ट्रेवल एक ‘डिजिटल डिटॉक्स’ की तरह काम करता है. जब आपके पास अगली बस पकड़ने की जल्दी नहीं होती, तो आपका ब्लड प्रेशर और तनाव का स्तर अपने आप कम होने लगता है.

सुबह बिना अलार्म के जागना और बिना किसी समय सीमा के नाश्ता करना आपको मानसिक रूप से फिर से जीवंत कर देता है. यह वह समय है जब आप खुद से जुड़ते हैं, जो अक्सर भागदौड़ भरी लाइफ में मुमकिन नहीं हो पाता.

कम खर्च लेकिन यादें ज्‍यादा
स्लो ट्रेवल का एक सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह आपके बजट को बिगड़ने नहीं देता. जब आप हर दिन सफर (Commute) नहीं करते, तो ट्रांसपोर्ट का भारी खर्च बच जाता है. इसके अलावा, होटल के बजाय स्थानीय होमस्टे या एयरबीएनबी (Airbnb) में रुकने से न केवल पैसे बचते हैं, बल्कि आपको वहां के लोगों की जीवनशैली को करीब से देखने का मौका मिलता है.

आप बाजार से ताजी सब्जियां लाकर खुद कुछ बना सकते हैं या किसी स्थानीय ढाबे पर कम कीमत में बेहतरीन पारंपरिक भोजन का आनंद ले सकते हैं.

कैसे करें शुरुआत?
इस समर वेकेशन में अपनी योजना को लचीला (Flexible) रखें. हर दिन के लिए फिक्स प्लान बनाने के बजाय, एक दिन खाली छोड़ दें, बस घूमने और नई चीजें खोजने के लिए. यकीन मानिए, बिना किसी योजना के किए गए सफर अक्सर सबसे खूबसूरत यादें दे जाते हैं.



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_imgspot_img