Kristi Noem Removal US: US Latest News Hindi | Donald Trump US Politics- अमेरिका में क्रिस्टी नोएम को गृहमंत्री के पद से हटाया गया


Last Updated:

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लगातार आलोचनाओं के बीच गृह मंत्री क्रिस्टी नोएम को पद से हटा दिया है. उनकी जगह ओक्लाहोमा के रिपब्लिकन सीनेटर मार्कवायने मुलिन को नामित किया गया है. नोएम के कार्यकाल में आव्रजन कार्रवाई, आपदा प्रबंधन और 22 करोड़ डॉलर के विज्ञापन अभियान को लेकर विवाद हुए थे.

Zoom

ट्रंप ने गृहमंत्री को हटाया.

वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आलोचनाओं के बीच गुरुवार को गृह मंत्री क्रिस्टी नोएम को पद से हटा दिया. नोएम की मंत्रालय के नेतृत्व, खासकर इमीग्रेशन कार्रवाई और आपदा प्रबंधन को लेकर लगातार आलोचना हो रही थी. ट्रंप ने सोशल मीडिया पर घोषणा की कि वह नोएम की जगह मार्कवायने मुलिन को नामित करेंगे, जो ओक्लाहोमा से रिपब्लिकन सीनेटर हैं. यह घोषणा तब हुई जब दो दिन पहले कैपिटल हिल में कांग्रेस की सुनवाई के दौरान नोएम को रिपब्लिकन और डेमोक्रेट दोनों सांसदों के तीखे सवालों का सामना करना पड़ा था.

क्रिस्टी नोएम को क्या नई जिम्मेदारी मिली?

ट्रंप ने यह भी कहा कि नोएम को ‘द शील्ड ऑफ द अमेरिकाज की विशेष दूत’ नामक एक नई सुरक्षा पहल का दायित्व दिया जाएगा, जिसका ध्यान पश्चिमी गोलार्ध की सुरक्षा पर रहेगा. ‘द शील्ड ऑफ द अमेरिकाज’ ट्रंप प्रशासन की ओर से प्रस्तावित एक नई सुरक्षा पहल है, जिसका उद्देश्य उत्तरी, मध्य और दक्षिणी अमेरिका के देशों के बीच सुरक्षा सहयोग को मजबूत करना है. घोषणा के कुछ देर बाद नोएम टेनेसी के नैशविल में एक कानून प्रवर्तन कार्यक्रम में मंच पर पहुंचीं, लेकिन उन्होंने अपने पद से हटाए जाने का कोई जिक्र नहीं किया.

मार्कवायने मुलिन.

उन्होंने तैयार भाषण पढ़ते हुए पिछले महीने ट्रंप के ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ संबोधन के संदेश को दोहराया. ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में पद छोड़ने वाली वह पहली कैबिनेट मंत्री बनी हैं. उनका कार्यकाल काफी विवादों से घिरा रहा, खासकर इमीग्रेशन नीति को सख्ती से लागू करने पर, जिस पर विरोध और मुकदमे भी हुए. कांग्रेस में इस सप्ताह हुई सुनवाई के बाद उनका पद पर बने रहना मुश्किल माना जा रहा था. एक बड़ा विवाद 22 करोड़ डॉलर के विज्ञापन अभियान को लेकर था, जिसमें अवैध रूप से अमेरिका में रह रहे लोगों को स्वेच्छा से देश छोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया था.

सुनवाई के दौरान क्रिस्टी नोएम ने क्या कहा?

नोएम ने सांसदों से कहा था कि ट्रंप इस अभियान से पहले से अवगत थे, लेकिन ट्रंप ने गुरुवार को एक साक्षात्कार में इससे इनकार किया कि उन्होंने इस विज्ञापन अभियान को मंजूरी दी थी. ट्रंप की इमीग्रेशन कार्रवाई की देखरेख करते हुए नोएम को काफी आलोचना झेलनी पड़ी है, खासकर मिनियापोलिस में इमीग्रेशन प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा दो प्रदर्शनकारियों की गोली मारकर हत्या के बाद. अगर सीनेट मंजूरी देती है तो मुलिन इस पद को संभालेंगे. नामांकन लंबित रहने तक वह संघीय कानून के तहत कार्यवाहक गृह मंत्री के रूप में भी काम कर सकते हैं.

About the Author

authorimg

Yogendra Mishra

योगेंद्र मिश्र ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन किया है. 2017 से वह मीडिया में जुड़े हुए हैं. न्यूज नेशन, टीवी 9 भारतवर्ष और नवभारत टाइम्स में अपनी सेवाएं देने के बाद अब News18 हिंदी के इंटरने…और पढ़ें



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

spot_imgspot_img