मना करती रही पर नहीं माने, ऑफिस में शारीरिक संबंध बनाए… गवर्नर के दावेदार पर सनसनीखेज आरोप – Exclusive Four women accused Eric Swalwell For Rape


होमदुनियाअमेरिका

मना किया पर नहीं माने, कई बार बनाया संबंध…गवर्नर के दावेदार पर सनसनीखेज आरोप

Last Updated:

America News: अमेरिका एक तरफ ईरान से युद्ध में उलझा हुआ है, वहीं दूसरी तरफ घरेलू राजनीति में भी एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. कैलिफोर्निया के गवर्नर पद के उम्‍मीदवार और कांग्रेस सदस्‍य एरिकल स्वॉलवेल पर रेप का आरोप लगाया है. कुल मिलाकर 4 महिलाओं ने उनपर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं. स्वॉलवेल ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है.

Zoom

कैलिफोर्निया के गवर्नर पद के उम्‍मीदवार एरिक स्वॉलवेल पर रेप और अन्‍य तरह की आपत्तिजनक हरकत करने के आरोप लगे हैं. चार महिलाओं ने उनपर यह सनसनीखेज आरोप लगाए हैं. (फाइल फोटो/Reuters)

America News: अमेरिका की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब कैलिफोर्निया के गवर्नर पद के लिए प्रमुख डेमोक्रेटिक उम्मीदवार और कांग्रेस सदस्य एरिक स्वॉलवेल (Eric Swalwell) पर गंभीर यौन दुराचार और रेप के आरोप लगे. ये आरोप उनकी पूर्व महिला स्टाफर समेत चार महिलाओं ने लगाए हैं, जिनमें बिना सहमति से शारीरिक संबंध बनाना, अनुचित व्यवहार और आपत्तिजनक संदेश भेजने जैसे आरोप शामिल हैं. हालांकि, स्वॉलवेल ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें झूठा और राजनीतिक साजिश करार दिया है. CNN की रिपोर्ट के अनुसार, स्वॉलवेल की एक पूर्व स्टाफर ने आरोप लगाया है कि 2024 में न्यूयॉर्क में एक कार्यक्रम के दौरान, जब वे अत्यधिक नशे की हालत में थीं, तब कांग्रेस सदस्य ने उनका रेप किया था. महिला के मुताबिक, उन्‍होंने विरोध किया और फिजिकल रिलेशन बनाने से मना भी करती रहीं, लेकिन स्वॉलवेल नहीं रुके. उसने यह भी दावा किया कि यह दूसरी बार था जब उनके साथ इस तरह की बिना सहमति से संबंध बनाए गए.

पीड़ित महिला ने बताया कि 2019 में जब वह स्वॉलवेल के लिए काम कर रही थीं, तब एक रात शराब पीने के बाद वह एक होटल कमरे में उनके साथ जागीं, लेकिन उन्हें कुछ याद नहीं था. हालांकि, उन्हें शारीरिक रूप से महसूस हुआ कि उनके साथ फिजिकल कॉन्‍टेक्‍ट हुआ था. उस समय उन्होंने किसी से यह बात साझा नहीं की, लेकिन बाद में उन्हें एहसास हुआ कि यह सहमति से नहीं था. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि तीन अन्य महिलाओं ने भी स्वॉलवेल पर विभिन्न प्रकार के यौन दुराचार के आरोप लगाए हैं. इनमें से कुछ महिलाओं का दावा है कि उन्हें सोशल मीडिया के जरिए स्वॉलवेल ने संपर्क किया, पहले दोस्ताना बातचीत की और बाद में बातचीत को दूसरा रूप दिया. एक महिला ने आरोप लगाया कि स्वॉलवेल ने उन्‍हें बिना उनकी सहमति के अश्लील संदेश और गंदी तस्वीरें भेजीं. सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर एली समार्को ने भी दावा किया कि स्वॉलवेल ने उनसे ट्विटर पर संपर्क किया और बाद में निजी बातचीत के दौरान अनुचित व्यवहार किया. उन्होंने बताया कि शुरुआत में बातचीत सामान्य थी, लेकिन धीरे-धीरे वह सेक्‍सुअल नेचर की हो गई.

स्‍वॉलवेल का जवाब

इन आरोपों के जवाब में स्वॉलवेल ने एक बयान जारी कर कहा, ‘ये सभी आरोप झूठे हैं और चुनाव से ठीक पहले लगाए गए हैं, ताकि मेरी छवि खराब की जा सके. मैंने अपने सार्वजनिक जीवन के करीब 20 वर्षों में हमेशा महिलाओं का सम्मान किया है.’ उन्होंने यह भी कहा कि वह इन आरोपों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे. स्वॉलवेल के वकील ने भी आरोप लगाने वाली दो महिलाओं को ‘सीज एंड डेसिस्ट’ नोटिस भेजा है, जिसमें उनसे अपने बयान वापस लेने को कहा गया है. उन्‍हें चेतावनी दी गई है कि अगर वे ऐसा नहीं करती हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वकील ने यह भी दावा किया कि इन महिलाओं के स्वॉलवेल के साथ लंबे समय तक संपर्क में रहने से उनके आरोप कमजोर पड़ते हैं.

फैक्‍ट कर रहे कुछ और ही इशारा

हालांकि, CNN की जांच में कुछ महत्वपूर्ण तथ्यों की पुष्टि भी हुई है. पूर्व स्टाफर के मामले में उनके परिवार के दो सदस्यों और एक दोस्त ने बताया कि उन्‍होंने घटना के तुरंत बाद उन्हें इसके बारे में बताया था. साथ ही उन्‍होंने अपने दोस्तों को भेजे गए मैसेज और मेडिकल रिकॉर्ड भी साझा किए, जिनमें घटना के बाद कराए गए टेस्ट शामिल हैं. एक अन्य महिला (जिन्‍होंने स्वॉलवेल से ऑनलाइन संपर्क किया था) के मामले में भी उसके परिवार और दोस्तों ने पुष्टि की कि उसने उन्हें इस घटना के बारे में पहले ही बताया था. इसके अलावा दोनों के बीच हुई बातचीत के कुछ मैसेज भी देखे गए हैं, जो इस संपर्क की पुष्टि करते हैं. रिपोर्ट के अनुसार, इन महिलाओं ने एक समान पैटर्न का वर्णन किया है. स्वॉलवेल पहले उनसे व्यक्तिगत स्तर पर जुड़ते, उन्हें खास महसूस कराते और फिर धीरे-धीरे बातचीत को यौन दिशा में ले जाते. कई मामलों में यह व्यवहार नशे की हालत में शारीरिक संपर्क या कथित यौन हमले तक पहुंच गया.

एक पहलू यह भी…

हालांकि, कुछ महिलाओं ने स्वॉलवेल के पक्ष में भी बयान दिया है. उनके साथ काम करने वाली कुछ महिला स्टाफर्स ने कहा कि उन्होंने कभी उनके साथ कोई अनुचित व्यवहार नहीं देखा और उन्हें एक सहयोगी और सम्मानजनक बॉस बताया. इस पूरे मामले ने अमेरिकी राजनीति में एक नई बहस छेड़ दी है, खासकर ऐसे समय में जब स्वॉलवेल का गवर्नर पद के लिए चुनाव अभियान रफ्तार पकड़ रहा है. सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर काफी चर्चा हो रही है, जहां कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों ने इन आरोपों को उजागर करने में भूमिका निभाई. आरोप लगाने वाली महिलाओं का कहना है कि उन्होंने लंबे समय तक डर और शर्म के कारण चुप्पी साधे रखी, लेकिन जब उन्हें पता चला कि वे अकेली नहीं हैं, तो उन्होंने सामने आने का फैसला किया. एक महिला ने कहा, ‘मैं हमेशा डर में जीती रही कि अगर मैंने आवाज उठाई तो मुझे नुकसान होगा, क्योंकि वह बहुत शक्तिशाली व्यक्ति हैं.’ यह मामला अब कानूनी और राजनीतिक दोनों स्तरों पर महत्वपूर्ण मोड़ ले सकता है. जहां एक ओर स्वॉलवेल अपनी बेगुनाही का दावा कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इन आरोपों की गंभीरता ने उनकी राजनीतिक छवि और भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

About the Author

authorimg

Manish Kumar

बिहार, उत्‍तर प्रदेश और दिल्‍ली से प्रारंभिक के साथ उच्‍च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्‍ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्‍लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें



Source link

Latest articles

spot_imgspot_img

Related articles

spot_imgspot_img