डोंगरगढ़ – हनुमान जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर आज गुरुवार को प्रेस क्लब ऑफ डोंगरगढ़ भवन में हुए जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण एवं अतिथि आभार सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पालिका उपाध्यक्ष उमा महेश वर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरीश भंडारी, नगर पालिका सभापति सुमित ताम्रकार एवं पार्षद प्रीति चमन समुंद्रे मंचासीन रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां बम्लेश्वरी देवी के तैल चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इसके पश्चात सभी अतिथियों का स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि अध्यक्ष रमन डोंगरे ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार अपनी लेखनी के माध्यम से समाज को आईना दिखाने का कार्य करते हैं। उन्होंने बताया कि प्रेस क्लब भवन जर्जर हो चुका था, जिसकी मरम्मत और रंग-रोगन अत्यंत आवश्यक था। जीर्णोद्धार के बाद भवन अब बेहतर स्थिति में है, जिससे क्लब के सदस्य अपने कार्य सुचारु रूप से कर सकेंगे। उन्होंने मीडियाकर्मियों के लिए शहर में पत्रकार कॉलोनी बनाने का आश्वासन भी दिया और सदस्यों से जमीन चयनित करने का आग्रह किया। अध्यक्षता कर रहे उपाध्यक्ष उमा महेश वर्मा ने कहा कि पत्रकार समाजहित में निरंतर कार्य करते हैं, इसलिए उन्हें उचित सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष हरीश भंडारी ने कहा कि पत्रकारों की भूमिका हमेशा निष्पक्ष रहती है, चाहे सत्ता पक्ष हो या विपक्ष। उनके माध्यम से ही जनप्रतिनिधि अपनी बात जनता तक पहुंचा पाते हैं।
पार्षद प्रीति चमन समुंद्रे ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो जनसमस्याओं को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों तक पहुंचाने का कार्य करता है। उन्होंने भविष्य में प्रेस क्लब को हर संभव सहयोग देने की बात कही। प्रेस क्लब अध्यक्ष उत्तम समुंद्रे ने जीर्णोद्धार कार्य में सहयोग करने वाले सभी जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सचिव खूबचंद चौधरी ने किया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष दीपक साखरे, कोषाध्यक्ष महेश सहारे, सदस्य रोहन सिन्हा, राजा शर्मा, प्रमोद शुक्ला, धीरज शर्मा, महेंद्र (बंटी) शर्मा, धम्मकीर्ति नंदेश्वर, कृष्णा सहारे, शेख जफर अली, मीडियाकर्मी महेश तिवारी, अभिषेक सिंह, शशांक उपाध्याय, सचिन जाम्बुलकर सहित बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।
फोटो
डोंगरगढ़- नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे व पार्षदों ने प्रेस क्लब बिल्डिंग के जीर्णोद्धार कार्य का किया लोकार्पण
Related articles





